सारण में छह जोन में शुरू हुई सुपर पेट्रोलिंग, अब रातभर होगी पुलिस की कड़ी निगरानी

थाने में बैठे पुलिसकर्मी
Saran Super Patrolling : सारण पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए जिले को 6 जोन में बांटकर रात्रि सुपर पेट्रोलिंग शुरू की है। अब पुलिस की मौजूदगी से चोरी और लूट जैसी घटनाओं पर लगेगी लगाम।
Saran Super Patrolling : सारण जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने नई सुपर पेट्रोलिंग व्यवस्था लागू कर दी है. वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर पूरे जिले को छह जोन में विभाजित किया गया है. नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक रात वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने जोन में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे.
हर रात होगी पुलिसिंग की सख्त निगरानी
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जोन में नामित पुलिस पदाधिकारी संबंधित थाना क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे. इस दौरान रात्रि गश्ती, पुलिस की सक्रियता, संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जाएगी. साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में चल रही पुलिस कार्रवाई की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे.
चोरी, लूट और तस्करी पर रहेगा विशेष फोकस
सारण पुलिस का मानना है कि सुपर पेट्रोलिंग व्यवस्था से रात के समय पुलिस की मौजूदगी और अधिक मजबूत होगी. इससे चोरी, लूट, डकैती, शराब तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. पुलिस का कहना है कि इससे आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी और अपराधियों में कानून का भय कायम रहेगा.
एसएसपी ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सभी सुपर पेट्रोलिंग पदाधिकारियों को अपने-अपने जोन में लगातार भ्रमण करने का निर्देश दिया है. उन्होंने गश्ती दलों की सक्रियता की जांच करने, पुलिसिंग की गुणवत्ता पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
नियमित रूप से जारी रहेगी सुपर पेट्रोलिंग
सारण पुलिस ने बताया कि प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए यह व्यवस्था नियमित रूप से लागू रहेगी. पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और जिले में अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है.
Also Read : सारण में ऑटो में बैठी महिला को ठगों ने ऐसे बनाया शिकार, पलक झपकते ही बदल दिया गहनों से भरा पैकेट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











