सारण में ऑटो में बैठी महिला को ठगों ने ऐसे बनाया शिकार, पलक झपकते ही बदल दिया गहनों से भरा पैकेट

ठगी की सांकेतिक तस्वीर
Saran Jewelry Fraud : सारण के पानापुर में ऑटो सवार ठगों ने महिला को जांच का झांसा देकर गहने ठग लिए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Saran Jewelry Fraud : सारण के पानापुर थाना क्षेत्र के फकुली गांव के समीप एक महिला कथित ठगी का शिकार हो गई. जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मकेर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला अपने दो बच्चों के साथ तरैया थाना क्षेत्र के उसरी चांदपुरा स्थित अपनी बहन के घर जा रही थी. दोपहर करीब ढाई बजे वह तरैया में बस से उतरकर ऑटो में सवार हुई.
जांच का झांसा देकर उतरवाए गहने
बताया गया कि ऑटो में पहले से दो युवक बैठे हुए थे. आरोप है कि ऑटो चालक निर्धारित रास्ते की बजाय पानापुर मार्ग की ओर चला गया. रास्ते में युवकों ने महिला से कहा कि आगे जांच चल रही है, इसलिए वह अपने गहने उतारकर सुरक्षित रख ले. महिला उनके झांसे में आ गई और अपने गहने उतारकर एक पॉलीथिन में रख लिए.
गहनों से भरा पैकेट बदलकर फरार हुए आरोपी
आरोप है कि रास्ते में युवकों ने बातों में उलझाकर गहनों से भरा पॉलीथिन बदल दिया. इसके बाद फकुली पेट्रोल पंप के पास उन्होंने महिला से कहा कि वे थाने में एंट्री कराकर आते हैं और उसे वहीं उतार दिया. कुछ देर बाद दोनों युवक नहर की ओर भाग गए. लंबे इंतजार के बाद जब महिला ने अपना पॉलीथिन खोला, तब उसे ठगी का पता चला.
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 और पानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. जांच के दौरान ऑटो दिखाई दिया, लेकिन उसका रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं हो सका.
पुलिस ने क्या कहा
पानापुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. ऑटो का नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है. उन्होंने कहा कि पीड़िता की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
यात्रियों के लिए सावधानी जरूरी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनजान लोगों की बातों में न आएं और किसी भी परिस्थिति में अपने कीमती सामान या गहने किसी के कहने पर न उतारें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











