छपरा में स्नातक सत्र 2026-30 की तीसरी मेधा सूची से नामांकन शुरू, 5486 छात्रों का नाम जारी, 6 अगस्त तक मौका

नामांकन की जानकारी लेने पहुंची छात्राएं | Prabhat Khabar Network
स्नातक सत्र 2026-30 में तीसरी मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं का नामांकन एक अगस्त से शुरू हो गया है. तीसरी सूची में कुल 5486 छात्रों का नाम जारी किया गया है. विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार छात्र छह अगस्त की शाम चार बजे तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन करा सकेंगे.
Chhapra News: स्नातक सत्र 2026-30 के तहत तीसरी मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं का नामांकन एक अगस्त से शुरू हो गया है. तीसरी मेधा सूची शुक्रवार को विश्वविद्यालय के पोर्टल तथा समर्थ पोर्टल पर जारी की गयी थी. इसके बाद शनिवार को शहर के विभिन्न कॉलेजों में नामांकन लेने के लिए छात्र-छात्राएं पहुंचे.
कॉलेजों में शुरू हुआ नामांकन
रामजयपाल कॉलेज, गंगा सिंह कॉलेज, राजेंद्र कॉलेज, पीसी विज्ञान कॉलेज, जगलाल चौधरी कॉलेज, जयप्रकाश महिला कॉलेज समेत जिले के नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया. विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग द्वारा इस संबंध में पूर्व में गाइडलाइन जारी की गयी थी.
गाइडलाइन के अनुसार छात्रों ने सबसे पहले पोर्टल से अपना अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड किया. इसके बाद ऑनलाइन भरे गये नामांकन फॉर्म की कॉपी निकालकर उसके साथ सभी एकेडमिक कागजात संलग्न किये और कॉलेज के विभाग में उसका वेरिफिकेशन कराया. वेरिफिकेशन के बाद छात्रों को शुल्क जमा करने का ऑप्शन वेबसाइट पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है.
इसके बाद छात्र-छात्राएं ऑनलाइन मोड में नामांकन शुल्क जमा कर रहे हैं. शुल्क जमा करने के बाद उसकी रसीद कॉलेज कार्यालय में जमा करनी है. इसके बाद छात्रों को उनका रोल नंबर अलॉट किया जायेगा.
तीसरी लिस्ट में 5486 छात्रों का नाम जारी
छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ राणा विक्रम सिंह ने बताया कि तीसरी लिस्ट में दाखिले के लिए कुल 5486 छात्र-छात्राओं का नाम जारी किया गया है. इसमें अंग्रेजी में 80, इतिहास में 1243, हिंदी में 800, गृह विज्ञान में 213, अर्थशास्त्र में 595, राजनीति विज्ञान में 754, मनोविज्ञान में 301, उर्दू में 106, बॉटनी में 131, केमिस्ट्री में 87, गणित में 44, भौतिकी में 106, भूगोल में 331, भोजपुरी में तीन, ग्रामीण अर्थशास्त्र में 22, एलएसडब्ल्यू में सात, दर्शनशास्त्र में 224 और संस्कृत में सात छात्र-छात्राओं का नाम जारी किया गया है.
छह अगस्त तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया
विश्वविद्यालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार तीसरी लिस्ट में जिन छात्र-छात्राओं का नाम आया है, वे छह अगस्त की शाम चार बजे तक कॉलेज में निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना दाखिला करा सकेंगे. नामांकन फॉर्म के साथ अलॉटमेंट लेटर हर हाल में संलग्न करना अनिवार्य है.
इंटर परीक्षा उत्तीर्णता से संबंधित सभी जरूरी डॉक्यूमेंट, आधार कार्ड, अपार कार्ड, आरक्षण से संबंधित कागजात, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र आदि भी संलग्न करना है. फॉर्म वेरिफिकेशन के समय लगने वाले सभी आवश्यक कागजातों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गयी है.
नामांकन के साथ ही शुरू होंगी कक्षाएं
स्नातक सत्र 2026 के अंतर्गत एक जुलाई से ही सभी कॉलेजों में कक्षाएं प्रारंभ कर दी गयी हैं. पहली और दूसरी मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी कक्षाएं कॉलेजों द्वारा जारी रूटीन के अनुसार चल रही हैं.
सभी कॉलेजों में विषयवार वर्ग संचालन का रूटीन जारी किया गया है. तीसरी लिस्ट में शामिल छात्र-छात्राएं नामांकन के अगले दिन से ही क्लास ज्वाइन कर सकेंगे. छात्र-छात्राएं जब अपने विभाग में फॉर्म वेरिफिकेशन कराने के लिए पहुंचेंगे, उसी समय उनका नंबर विभाग द्वारा बनाये गये व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया जायेगा. वहां से उन्हें वर्ग संचालन का शेड्यूल प्राप्त हो सकेगा. वहीं विभाग के नोटिस बोर्ड पर भी क्लास का रूटीन प्रकाशित किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











