ठिका गांव में रामनवमी पर अखंड अष्टयाम का आयोजन, श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
Published by : ALOK KUMAR Updated At : 26 Mar 2026 9:23 PM
प्रखंड क्षेत्र के ठिका गांव में रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित अखंड अष्टयाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
दरियापुर. प्रखंड क्षेत्र के ठिका गांव में रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित अखंड अष्टयाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पूरे गांव का वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया. यजमान शालिग्राम सिंह एवं लक्ष्मी देवी के नेतृत्व में यह धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ. जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलशयात्रा से की गयी, जो गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ निकाली गयी. इस दौरान हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे” के मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण गूंज उठा. भक्तों के जयकारे और भजनों ने माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया. यह शोभा यात्रा ठिका गांव से निकलकर सूखमहि नदी बांध होते हुए ककरहट देवल स्थित सुखम्ही नदी तक पहुंची, जहां पंडित शिवनाथ शास्त्री के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालु भक्तों ने विधिपूर्वक जलभरी की. इस दौरान रंभा देवी, नीलम देवी, पूनम देवी, प्रिय स्वाति, साक्षी, अंशिका सहित बड़ी संख्या में महिला भक्तों की उपस्थिति रही. वहीं आकाश सहित अन्य युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया. पूरे आयोजन के दौरान भक्तगण भजन-कीर्तन में लीन रहे और भगवान से गांव सहित देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. अखंड अष्टयाम के माध्यम से गांव में धार्मिक एकता और भाईचारे का संदेश भी प्रसारित हुआ. आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों में धार्मिक आस्था और विश्वास और भी मजबूत होता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










