लंगर फुल, पानी खत्म ठिठुर रहे अमरनाथ यात्री

Published at :12 Jul 2016 4:07 AM (IST)
विज्ञापन
लंगर फुल, पानी खत्म ठिठुर रहे अमरनाथ यात्री

मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं ठप होने के कारण लोग दोस्त और रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे छपरा (सारण) : अमरनाथ यात्रा पर गये सारण के 50 से अधिक श्रद्धालु बालटाल, श्रीनगर व कश्मीर में फंस गये हैं. मोबाइल व इंटरनेट सेवाएं ठप होने के कारण लोग अपने दोस्त और रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा […]

विज्ञापन

मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं ठप होने के कारण लोग दोस्त और रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे

छपरा (सारण) : अमरनाथ यात्रा पर गये सारण के 50 से अधिक श्रद्धालु बालटाल, श्रीनगर व कश्मीर में फंस गये हैं. मोबाइल व इंटरनेट सेवाएं ठप होने के कारण लोग अपने दोस्त और रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे. भोजन, पानी की किल्लत और ठंड ने अमरनाथ यात्रियों की हालत खराब कर रखी है.
सारण के 50 लोग अमरनाथ यात्रा के लिए गये पर वे श्रीनगर में फंसे हुए हैं. सुधीर सिंह, लाल बाबू राय, दिलीप साह आदि के परिजनों ने बताया कि लोग डरे हुए हैं, ऐसे में समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें. हालात बेहद खराब हैं, पानी, दवा, भोजन सबकी समस्या खड़ी हो गयी है. सेना ने वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी है. उनके तमाम यार-दोस्त अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं. अमरनाथ यात्रा में फंसे श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी के लिए स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के द्वारा पहल की जा रही है.
कश्मीर सरकार से नहीं मिल रही मदद : कश्मीर में फंसे अमरनाथ यात्रियों को कश्मीर सरकार से मदद नहीं मिल रही है. लोग दवाओं और सुरक्षा के लिए सेना और सीआइएसएफ पर निर्भर है. बेस कैंप होने के कारण सेना के पास भी सीमित संसाधन हैं. दवा और आॅक्सीजन की भारी कमी हो गयी है. लोग बीमार हैं और इलाज भी सेना के जवान ही कर रहे हैं.
फंसे लोगों की जान पर आफत : अमरनाथ यात्रा पर निकले सारण के दर्जनों लोगों की जान पर बन आयी है. बालटाल से दो तीन किलोमीटर दोमेल में ही कई लोग फंस हुए हैं. वहां वे भंडारे में रुके हुए हैं, जहां पानी खत्म हो गया है. खाना भी खत्म होने के करीब है. कई लोगों की हालत बिगड़ गयी है.
हालात बेकाबू
छपरा के रहनेवाले कई लोग वहां फंसे हुए हैं. उनका कहना है कि कुछ गाड़ियां निकलीं पर उन पर हमला हो गया. बीएसएफ कह रही है कि अभी ऊपर से अनुमति नहीं मिली है. ठंड इतनी है कि सबके चेहरे सूज गये हैं. बारिश हो रही है और होठ फट गये हैं. सीआरपीएफ मदद कर रही है पर बहुत ज्यादा मदद की स्थिति में नहीं है. बीमार लोगों को आॅक्सीजन दिया जा रहा हैं. दिघवारा के भी कई लोगों की हालत बेहद खराब है.
सारण के 50 से अधिक लोग गये हैं यात्रा पर
कर्फ्यू जैसे हालात : अमरनाथ यात्रा पर फंसे श्रद्धालुओं के परिजनों ने बताया कि कर्फ्यू लगा हुआ है. छह जुलाई को दर्शन करके जत्था लौट रहा था कि बवाल हो गया.सभी श्रद्धालुओं को सेना ने रोक दिया है. अब उनका मोबाइल भी बंद है.
उग्र प्रदर्शन जारी, पता नहीं कब तक फंसे रहेंगे : हिजबुल के आतंकी बुरहान की मौत के बाद कश्मीर घाटी में जगह-जगह उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं. इसे देखते हुए प्रशासन ने श्रीनगर समेत तमाम इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है. माहौल खराब होने के कारण श्रद्धालुओं के जत्थों को जगह-जगह रोक दिया गया है. सड़क कब खुलेगी, इस बारे में कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन