समय आने पर सबसे बेहतर व्यक्ति को लाया जायेगा सामने: रूडी
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :17 Jun 2015 7:46 AM (IST)
विज्ञापन

छपरा (नगर) : कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री सह भाजपा के स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार की राजनीति में जिस दिन लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार कर लिया, भाजपा की जीत उसी दिन सुनिश्चित हो गयी. उन्होंने कहा कि विरोधी दल विधान परिषद चुनाव को सेमीफाइनल बता रहे […]
विज्ञापन
छपरा (नगर) : कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री सह भाजपा के स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार की राजनीति में जिस दिन लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार कर लिया, भाजपा की जीत उसी दिन सुनिश्चित हो गयी.
उन्होंने कहा कि विरोधी दल विधान परिषद चुनाव को सेमीफाइनल बता रहे हैं, जबकि भाजपा इसे आम चुनाव मान रही है. केंद्रीय मंत्री श्री रूडी मंगलवार को बिहार विधान परिषद चुनाव में सारण निकाय के एनडीए समर्थित प्रत्याशी सच्चिदानंद राय के नामांकन के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने लालू प्रसाद व नीतीश कुमार की दोस्ती को अवसरवादी तथा अपना वजूद बचाने के लिए किया गया समझौता बताया. केंद्रीय मंत्री ने सारण निकाय के एनडीए समर्थित प्रत्याशी सच्चिदानंद राय को योग्य व जिले का जाना-पहचाना चेहरा बताते हुए उनकी जीत सुनिश्चित बताया. उधर, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व शिक्षा मंत्री स्मृति ईरानी पर लग रहे आरोपों को झूठा व आधारहीन बताते हुए रूडी ने कहा कि यह विरोधियों की हताशा का परिचायक है.
वहीं, महाराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने एनडीए प्रत्याशी सच्चिदानंद राय की जीत सुनिश्चित बताते हुए कहा कि सारण पूरे राज्य से संदेश देगा. इस मौके पर जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश उपाध्याय उपस्थित थे.
एनडीए एकजुट : केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष द्वारा बिहार में नेतृत्व पर सवाल उठाये जाने का दो टूक शब्दों में जवाब देते हुए कहा कि नेतृत्व का सवाल वहीं उठता है, जहां आपस में टकराहट हो. उन्होंने कहा कि एनडीए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट है. श्री रूडी ने कहा कि हमारी पार्टी की नीति अलग है. किसी के कहने पर हम अपने नेता का चयन क्यों करें. समय आने पर सबसे बेहतर व्यक्ति को सामने लाया जायेगा.
उन्होंने राजद-जदयू के गंठबंधन पर बोलते हुए कहा कि सूबे में जितनी भी राजनीतिक हत्या हुई है, उसमें सबसे अधिक संख्या जदयू कार्यकर्ताओं की है, तो हत्या का आरोप राजद पर लगा है. ऐसे में दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे को स्वीकार करने की स्थिति में नहीं हैं.
कालाधन को वापस लाने पर सरकार संकल्पित
श्री रूडी ने कहा कि विदेशों में जमा कालाधन को वापस लाने के लिए सरकार कारगर कदम उठाने के लिए संकल्पित है. उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे देश में काला धन पर कानून होगा, जिसके तहत विदेशों में पैसा जमा करनेवालों को छह माह के भीतर जमा राशि की घोषणा करनी होगी, वहीं इसके लिए पेनॉल्टी भरना होगा. राशि की घोषणा नहीं करनेवालों की राशि जब्त कर उन पर आपराधिक मामला दर्ज होगा.
केंद्रीय मंत्री श्री रूडी ने योग पर विपक्ष द्वारा दिये जा रहे बयान को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि योग की लाखों वर्ष पुरानी परंपरा को प्रधानमंत्री विश्व स्तर पहचान देने की कोशिश कर रहे हैं. उसमें भी मुद्दा विहीन विपक्ष राजनीति करने की कोशिश कर रहा है. मौके पर जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश उपाध्याय, गंगा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह, डॉ धर्मेद्र सिंह, जयराम सिंह, धर्मेद्र चौहान समेत अन्य उपस्थित थे.
नेता चयन के सवाल पर कहा, किसी के कहने पर क्यों करें घोषणा
भाजपा की जीत उसी दिन हो गयी थी, जिस दिन लालू प्रसाद ने स्वीकार कर लिया था नीतीश का नेतृत्व
नोट: फोटो नंबर 16 सी.एच.पी 2 है कैप्सन होगा- संवाददाता सम्मेलन में बोलते मंत्री रूडी, उपस्थित सांसद सीग्रीवाल व सच्चिदानंद राय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










