छपरा में सिलेंडर की किल्लत,संचालक पर कालाबाजारी का आरोप,उपभोक्ताओं ने किया चक्का जाम

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 09 May 2026 4:19 PM

विज्ञापन

सड़क जाम की तस्वीर

छपरा में लोग रसोई गैस की किल्लत से परेशान हैं. बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल रही है। लोगों ने एजेंसी संचालक पर कालाबाजारी का आरोप लगा कर सड़क पर खाली सिलेंडर रख चक्का जाम किया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम को हटाया गया है.

विज्ञापन

Chhapra News: (चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट) छपरा जिले के रसूलपुर एकमा में रसोई गैस की भारी किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का सब्र आखिरकार टूट गया. रसूलपुर चट्टी स्थित भारत गैस एजेंसी कार्यालय के सामने एनएच-531 पर शनिवार को सुबह से कतार में लगे उपभोक्ताओं ने खाली सिलेंडर बीच सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया. सुबह 10:30 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन 11:30 बजे तक जारी रहा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

बुकिंग के 15 दिन बाद भी नहीं मिल रही गैस

आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने हफ़्तों पहले बुकिंग करा ली थी, लेकिन गैस एजेंसी संचालक द्वारा सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है. कतार में खरी एक महिला रानी देबी ने रोते हुए कहा, घर में गैस खत्म हो गई है, बच्चे भूखे हैं, चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं,एजेंसी पर आते हैं तो कहते हैं गाड़ी नहीं आई है.

कालाबाजारी का गंभीर आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 2800 से 3000 रूपए तक गैस की कालाबाजारी की जा रही है, जिसके कारण आम ग्राहकों को समय पर गैस नहीं मिल रही है. एक अन्य उपभोक्ता कृष्णा कुमार साह ने बताया कि एजेंसी के गोदाम के अंदर सिलेंडर होने के बावजूद बाहर नहीं दिए जा रहे हैं. हमें मजबूरी में महंगे दामों पर गैस सिलेंडर की खरीदारी करना पड़ रहा है या फिर लकड़ी या इंडक्शन का सहारा लेना पड़ रहा है.

प्रशासन की चुप्पी पर गुस्सा

लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या से अनजान बना हुआ है. सड़क जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस के आने के बाद हटा जाम

घटना की सूचना पाकर रसूलपुर की थाना पुलिस व 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने एजेंसी मालिक से बात करने और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग सड़क से हटे और यातायात सामान्य हुआ. सुत्रों की मानें तो विगत पांच दिनों से गैस गोदाम पर गैस की गाड़ी आयी ही नहीं है. उधर एजेंसी संचालक एजेंसी कार्यालय में ताला मारकर फरार थे जिससे उपभोक्ताओं का गुस्सा फुट पड़ा.

एजेंसी संचालक ने क्या कहा?

एजेंसी संचालक विनीत कुमार सिंह ने सभी आरोपों को खारिज कर कहा है कि तीन हजार उपभोक्ताओं की बुकिंग कंफर्म है, जिन्हें गैस की आपूर्ति करानी है और यह तभी संभव है जब लगातार दस गाड़ी सिलेंडर की आपूर्ति कराया जाए.

Also read बंगाल के इतिहास में पहली बार कोई मुस्लिम मंत्री नहीं, ममता बनर्जी सरकार में थे 7

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन