बंद रहीं दुकानें, नहीं चले वाहन

छपरा (नगर) : मंगलवार को भाजपा द्वारा घोषित विश्वासघात दिवस पर बिहार बंद का व्यापक असर जिला मुख्यालय में नजर आया. सड़कों पर मोटरसाइकिल व साइकिल को छोड़ सभी छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन ठप रहा. अधिकांश दुकानें व व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहे. सुबह से ही बंद समर्थकों की अलग-अलग टोलियां पार्टी के झंडे व […]
छपरा (नगर) : मंगलवार को भाजपा द्वारा घोषित विश्वासघात दिवस पर बिहार बंद का व्यापक असर जिला मुख्यालय में नजर आया. सड़कों पर मोटरसाइकिल व साइकिल को छोड़ सभी छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन ठप रहा. अधिकांश दुकानें व व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहे.
सुबह से ही बंद समर्थकों की अलग-अलग टोलियां पार्टी के झंडे व बैनर के साथ सड़कों पर घूम-घूम कर दुकानों को बंद कराने के साथ ही आम लोगों से भी बंद के समर्थन के लिए अपील करते नजर आयीं.
पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, सोनपुर के विधायक सह प्रदेश महामंत्री विनय कुमार सिंह, तरैया के विधायक जनक सिंह, गड़खा के विधायक ज्ञानचंद मांझी, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अशोक कुमार सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश उपाध्याय, रंजीत सिंह, धर्मेद्र सिंह, धर्मेद्र चौहान, वंशीधर, केबी सिंह, दिनेश कुमार सिंह राजन, नरेसू सिंह, मनोज सिंह, बबलू सिन्हा, गुड्डू चौधरी, सुरेश विश्वकर्मा, सुरेश श्रीवास्तव, प्रकाश रंजन नीकु, जयप्रकाश वर्मा, प्रबोध कुमार सिंह, कुमोद कुमार, ओमप्रकाश पटेल, प्रमोद कुमार स्वयं सड़क पर उतर कर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ घूम-घूम कर लोगों से बंद की अपील करते दिखे.
इस दौरान बड़ा तेलपा नयी बस्ती, थाना चौक, भिखारी चौक, दारोगा राय चौक, मजहरूलक पथ समेत शहर के विभिन्न चौक -चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जला कर तथा बांस-बल्ला लगा कर वाहनों का परिचालन ठप रखा.
* अरथी जुलूस निकला
बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे विभिन्न कॉलेजों के छात्र व पार्टी के मानवाधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से सीएम नीतीश कुमार का अरथी जुलूस निकाल कर आक्रोश जताया. नीतीश कुमार मुरदाबाद, मुख्यमंत्री गद्दी छोड़ो जैसे नारों के बीच जुलूस नगरपालिका चौक, थाना चौक, अस्पताल चौक, दारोगा राय चौक होते हुए वापस नगरपालिका चौक पहुंचा, जहां प्रतिकरात्मकअरथी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आग के हवाले कर दिया.
अरथी जुलूस में मुख्य रूप से मानस सिंह, चुन्नु सिंह, जयप्रकाश वर्मा, अंकुर श्रीवास्तव, धीरज सिंह, बिट्ट, गोलू, हंसराज, मोनू, प्रिंस, अभिषेक, प्रमोद के साथ दर्जनों छात्र व युवा शामिल थे.
* बंद रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठान
भाजपा के बिहार बंद का शहर के व्यावसायिक वर्ग का भी पूरा समर्थन नजर आया. शहर के हथुआ मार्केट, नगरपालिका चौक, सरकारी बाजार, साहेबगंज, सोनारपट्टी समेत शहर की अधिकांश दुकानें व प्रतिष्ठान सुबह से ही बंद रहे. जिन्होंने दुकान खोली भी वे बंद कर समर्थकों की अपील तथा जगह-जगह पर बंद समर्थकों के हो-हंगामे के कारण अपनी-अपनी दुकानों को बंद कर घर लौटते दिखे.
* ट्रेन के परिचालन को रोका
उधर, बिहार बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने छपरा कचहरी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन को करीब आध घंटा तक रोके रखा. इस दौरान ट्रेन के इंजन व उसके सामने बंद समर्थकों का हुजूम नीतीश विरोधी नारे लगाते रहा. बंद का असर बैंक, डाक घर व अन्य सरकारी कार्यालयों में भी नजर आया. एसबीआइ के बाजार ब्रांच पंकज सिनेमा स्थित मुख्य शाखा के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से बैंकिंग कार्य ठप रहा. डाकघर, कॉलेजों आदि के मुख्य गेट पर ताला लगा कर कर्मचारी अंदर बैठे रहे.
* 220 बंद समर्थक हुए गिरफ्तार
भाजपा के बिहार बंद के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना पर रोक के लिए शहर के विभिन्न चौक -चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही. थाना चौक पर अग्निशमन वाहन के साथ ही पुलिस वैन में अतिरिक्त पुलिस बल भी दिन भर स्थित पर नजर रखे हुए थे. पूरे शहर में जाम व प्रदर्शन के बाद लगभग 200 से ज्यादा बंद समर्थकों ने नगर थाने में अपनी गिरफ्तारी दी, जिन्हें थाना परिसर में रखा गया तथा शाम को सभी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










