Samastipur Panchayat Cruelty: तालिबानी सजा– प्रेम प्रसंग में नाबालिग चचेरे भाई-बहन का सिर मुंडवाया, कालिख पोत गांव से निकाला
सिर मुंडवाने के पंचायत के अमानवीय फैसले के बाद इलाजरत घायल पीड़ित
Samastipur Panchayat Cruelty: कथित प्रेम प्रसंग को लेकर नाबालिग चचेरे भाई-बहन को पंचायत में अमानवीय सजा दी गई.दोनों की पिटाई के बाद सिर मुंडवाकर कालिख पोती गई और गांव से निकाल दिया गया.पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जानिए पूरी खबर…
समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट
Samastipur Panchayat Cruelty: जिले के पूसा थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है.यहाँ कथित प्रेम संबंध को लेकर एक पंचायत द्वारा नाबालिग चचेरे भाई-बहन को बेहद अमानवीय और क्रूर सजा दी गई.आरोप है कि पंचायत के दौरान दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई, फिर उनका सिर मुंडवाकर चेहरे पर चूना-कालिख लगा दी गई.इतना ही नहीं, तुगलकी फरमान सुनाते हुए दोनों को गांव छोड़ने का आदेश दे दिया गया.घटना के बाद जख्मी हालत में पीड़ित भाई-बहन इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद वहां से चले गए.दोनों की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है.
रांची में की थी शादी, परिजनों के बुलावे पर लौटे थे गांव
जानकारी के अनुसार, दोनों एक ही परिवार के चचेरे भाई-बहन हैं और बचपन से साथ रहते आए हैं.करीब आठ महीने पहले दोनों घर छोड़कर रांची चले गए थे और वहीं शादी कर ली थी.बीती 22 जून को जब परिजनों ने उन्हें समझाया-बुझाया, तो दोनों वापस गांव लौट आए.मंगलवार को गांव में इस मामले को लेकर पंचायत बुलाई गई थी.पंचायत में जब दोनों से उनकी इच्छा पूछी गई, तो उन्होंने साफ कह दिया कि वे एक-दूसरे के साथ ही रहना चाहते हैं.
पुलिस जांच में जुटी, लिखित शिकायत का इंतजार
पीड़ितों के फैसले से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने कानून हाथ में लेते हुए दोनों को प्रताड़ित और अपमानित किया.पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि इस अमानवीय घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को जांच के लिए गांव भेजा गया है.फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है.थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्राप्त होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










