Samastipur News:समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा: जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में नहाने गईं दो सगी बहनों की डूबने से मौत
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 21 May 2026 10:11 PM
जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में नहाने गईं दो सगी बहनों की डूबने से मौत(AI IMAGE)
Samastipur News:समस्तीपुर के वारिसनगर में महराजी चौर स्थित पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई. नहाने गईं पांच बच्चियों में से तीन को चरवाहे ने सुरक्षित बचाया, जबकि दो बहनों की जान चली गई.पढे़ं पूरी खबर…
Samastipur News:समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. थाना क्षेत्र की लखनपट्टी पंचायत के शादीपुर बथनाहा गांव में गुरुवार शाम पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई. मृत बच्चियों की पहचान गांव के ही छेदी राय की पुत्री चंदन कुमारी (10) और कोमल कुमारी (16) के रूप में की गई है. इस हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं 5 बच्चियां
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब चार से पांच बजे के बीच गांव से सटे महराजीचौर में पांच बच्चियां एक गड्ढे में स्नान करने गई थीं. नहाने के क्रम में सभी बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. बच्चियों को डूबता देख और उनकी चीख-पुकार सुनकर पास में ही भैंस चरा रहे एक चरवाहे ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी. उसने काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चियों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन वह चंदन और कोमल को नहीं बचा सका.
जेसीबी से खोदे गए गड्ढे बने काल, पुलिस जांच में जुटी
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. परिजन आनन-फानन में दोनों बहनों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं. ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि महराजीचौर में जेसीबी से अवैध रूप से मिट्टी काटने के कारण कई गहरे गड्ढे बन गए हैं. बारिश का पानी भरने से ये गड्ढे अब जानलेवा साबित हो रहे हैं. घटना की सूचना पर वारिसनगरथानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










