दाह संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों पर टूटा कहर, ठनका गिरने से एक की मौत

सांकेतिक तस्वीर
समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. दाह संस्कार से लौट रहे दो ग्रामीण ठनके की चपेट में आ गए, जिसमें एक की दर्दनाक मौत हो गई. दूसरा गंभीर रूप से घायल है.
Samastipur News: मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के दो ग्रामीण बुधवार की शाम दाह संस्कार से लौटने के दौरान ठनका (आकाशीय बिजली) की चपेट में आ गए. हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
दाह संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार धर्मपुर निवासी हरिविलास पासवान और महेश्वर साह गांव के अन्य लोगों के साथ खखोरी पासवान के अंतिम संस्कार में शामिल होने सुल्तानपुर गंगा घाट गए थे. दाह संस्कार के बाद सभी लोग गांव लौट रहे थे. इसी दौरान सुल्तानपुर ढाब के समीप अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ ठनका गिर गया.
एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
ठनका की चपेट में आने से धर्मपुर निवासी स्वर्गीय महेंद्र पासवान के 50 वर्षीय पुत्र हरिविलास पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं महेश्वर साह गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
गांव में पसरा मातम
हादसे में हरिविलास पासवान की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे धर्मपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में बाल संरक्षण व्यवस्था की जांच, बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा पर दिया जोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










