Samastipur News: पूसा में नकली डीएपी खाद की खबर से सनसनी:बिस्कोमान गोदाम पहुंचे अधिकारियों ने जब्त किए सैंपल

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 21 May 2026 7:06 PM

विज्ञापन

नकली डीएपी खाद की खबर से सनसनी

Samastipur News:समस्तीपुर के पूसा में नकली डीएपी खाद मिलने से किसानों में भारी आक्रोश है. पैकेट की बनावट और खेत में खाद न गलने पर उठे सवालों के बाद कृषि विभाग ने सैंपल जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिया है.पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

Samastipur News:समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर कोआरी में नकली डीएपी (DAP) खाद पाए जाने की खबर से किसानों के बीच सनसनी फैल गई है. अच्छी फसल की उम्मीद में महंगे दामों पर खाद खरीदने वाले किसानों के अरमानों पर पानी फिरता नजर आ रहा है. इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग के आला अधिकारियों को सूचित किया.

पैकेट के डिजाइन और रंग ने बढ़ाया शक, खेत में नहीं गली खाद

सूचना मिलते ही अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक और अन्य अधिकारियों की टीम ओईनी स्थित बिस्कोमान भवन पहुंची और मामले की गहन पड़तालकी. शिकायतकर्ता किसानों ने अधिकारियों को बताया कि प्रथम दृष्टया डीएपी के पैकेट पर लिखी गई लिखावट, उसकी डिजाइन और खाद के रंग को लेकर गहरा संदेह उत्पन्न हुआ. जब इस खाद को खेतों में छिड़का गया और वह काफी समय बाद भी नहीं गली, तो नकली खाद होने के संदेह को और बल मिल गया. किसानों ने इस पर भारी नाराजगी जताई है.

बिस्कोमान निदेशक का दावा, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

दूसरी ओर, नकली खाद की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे बिस्कोमान के निदेशक राम कलेवर सिंह ने किसानों के आरोपों पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि रैक प्वाइंट से सीधे गोदाम तक खाद पहुंचती है, इसलिए बीच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की लेश मात्र भी गुंजाइश नहीं है. हालांकि, किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद के नमूने (सैंपल) को गुणवत्ता परीक्षण केंद्र भेजा जा रहा है. यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो दोषियों को चिह्नित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

आर्थिक नुकसान की आशंका, मौके पर जुटे अधिकारी

श्याम कुमार चौधरी ने कहा कि किसान अच्छी फसल के लिए डीएपी का प्रयोग करते हैं. नकली खाद से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान होगा. मौके पर मौजूद एसएओ प्रमोद सहनी ने गोदाम से संदिग्ध पैकेट का विधिवत नमूना संग्रह किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. इस दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी शेखर कुमार मधुकर, सहकारिता पदाधिकारी राजीव नयन और किसान लाल बाबू सिंह, पंकज सिंह सहित कई लोग मौजूद थे.

पूसा से सुभाष चंद्र कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन