Samastipur News: पेड़ बिक्री के 20 हजार रुपयों का विवाद, समस्तीपुर में गोतनी ने जेठानी की कर दी हत्या
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 25 May 2026 5:41 PM
गोतनी ने जेठानी की कर दी हत्या
Samastipur News:समस्तीपुर के सोहमा गांव में पेड़ बिक्री के रुपयों के विवाद में देवरानी और बहू ने अपनी जेठानी सागर देवी पर पीतल के लोटे से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.पढ़ें पूरी खबर…
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के सोहमा गांव में हिस्सेदारी के पेड़ बिक्री के रुपयों को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. महज चंद रुपयों के लालच में अपनों ने ही अपनों का खून बहा दिया. इस खूनी विवाद में मझले भाई की 66 वर्षीय पत्नी सागर देवी की पीतल के लोटे से सिर पर हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा है.
20 हजार रुपये के हिस्से पर हुआ विवाद
बताया जाता है कि एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों ने संयुक्त हिस्सेदारी के पांच-छह पेड़ों को करीब 60 हजार रुपये में बेचा था. इस राशि में से अपने हिस्से के 20 हजार रुपये को लेकर मझले भाई मदन यादव की पत्नी सागर देवी ने अपनी छोटी देवरानी रामकुमारी देवी और उनकी बहू अस्तुति कुमारी से मांग की. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई.
बीच-बचाव करने गए पति-पत्नी पर जानलेवा हमला
विवाद बढ़ता देख जब सागर देवी के पति और सेवानिवृत्त शिक्षक मदन यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर पीतल के लोटे से हमला कर दिया, जिससे उनकी आंख के पास गंभीर चोट आई. पति को लहूलुहान देख जब सागर देवी उन्हें बचाने दौड़ीं, तो देवरानी और बहू ने मिलकर उनके सिर पर पीतल के लोटे से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.गंभीर चोट के कारण सागर देवी को लगातार उल्टियां होने लगीं. परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिथान ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख जब उन्हें दरभंगा ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही बिथान थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










