Samastipur News: समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत, महिला की हालत नाजुक

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 28 May 2026 7:31 PM

विज्ञापन

ट्रक की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत,

Samastipur News:समस्तीपुर के एनएच 322 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है. यह परिवार बकरीद मनाने अपने ससुराल जा रहा था.पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोरवा हलई थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. चकलालशाही चौक एनएच 322 पर स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बाइक सवार पिता और सात वर्षीय पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मृतक की पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.

ट्रक के चक्के के नीचे दबे तीनों लोग

मृतकों की पहचान वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र के चांदसराय निवासी मोहम्मद खुर्शीद (46 वर्ष) और उनकी बेटी चांदनी (7 वर्ष) के रूप में हुई है. घायल महिला खुर्शीद की पत्नी रवीना खातून है. बताया जाता है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर बकरीद का पर्व मनाने वैशाली से अपने ससुराल दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसरिया गांव जा रहे थे. इसी दौरान चकलालशाही के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक समेत ट्रक के चक्के के नीचे आ गए. हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया.

आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने चकलालशाही चौक पर समस्तीपुर और हाजीपुर जाने वाले मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की, जिससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की सूचना मिलते ही हलई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. दरोगा सुजीत कुमार और हरीबल्लभ कुमार ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है.

समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन