समस्तीपुर: परीक्षा दिलाकर लौट रहे युवक पर चाकू से हमला, बंदूक पकड़ने पर अपराधियों ने मारा चाकू

Updated:
विज्ञापन
Samastipur News Musrigharari youth attacked with knife while returning from exam with wife

प्रतीकात्मक तस्वीर

Samastipur News: मुसरीघरारी में पत्नी को परीक्षा दिलाकर लौट रहे युवक जितेंद्र कुमार पर अपराधियों ने चाकू से हमला कर दिया. बंदूक पकड़ने पर बदमाशों ने युवक को घायल कर दिया, जिसका इलाज जारी है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Samastipur News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उदा गांव में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवक का इलाज मुसरीघरारी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जेल चौक निवासी रवि पासवान का 28 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार अपनी पत्नी सीमा कुमारी को परीक्षा दिलवाने के लिए जितवारपुर कुम्हिरा स्थित बीआरकेसी कॉलेज गया था. परीक्षा खत्म होने के बाद जब दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी उदा गांव के पास घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए.

युवक ने दिखाई हिम्मत, बदमाशों की बंदूक पकड़ी तो घोंपा चाकू

बाइक से गिरते ही अपराधियों ने दोनों को घेर लिया और उन पर हथियार तान दिया. इस दौरान जितेंद्र कुमार ने अदम्य साहस और हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश की बंदूक पकड़ ली. खुद को घिरता देख बदमाशों ने पहले जितेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर लहूलुहान कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद जितेंद्र की पत्नी सीमा कुमारी ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी.

पुलिस मामले की जांच में जुटी, पीड़ित के बयान का इंतजार

सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाने की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ युवक को तत्काल मुसरीघरारी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शी पत्नी सीमा कुमारी ने रोते हुए बताया कि बदमाशों ने अचानक हमला कर उनके पति को चाकू मार दिया. इस संबंध में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

समस्तीपुर से गिरजानंदन शर्मा की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन