समस्तीपुर: काम का पैसा लेने निकले मजदूर की खेत में मिली लाश, हत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन
Samastipur News Dalsinghsarai labourer dead body found in maize field

प्रतीकात्मक तस्वीर

Samastipur News: दलसिंहसराय के कमराव वार्ड-7 में मकई के खेत से 42 वर्षीय मजदूर मो. जबार का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Samastipur News: दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कमराव वार्ड-7 स्थित एक मकई के खेत से 42 वर्षीय मजदूर का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान मोहम्मद जबार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं.

मकई काटने पहुंचे मजदूरों ने देखा शव

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह कुछ मजदूर खेत में मकई काटने पहुंचे थे. इसी दौरान खेत में एक शव पड़ा दिखाई दिया. शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. कपड़ों के आधार पर शव की पहचान कमराव वार्ड-7 निवासी मो. जबार के रूप में की गई. घटना की सूचना तुरंत दलसिंहसराय थाना पुलिस को दी गई.

काम का पैसा लेने निकले थे घर से

परिजनों ने बताया कि मो. जबार मजदूरी करके परिवार चलाते थे. उनके परिवार में पत्नी अमीना खातून, चार बेटियां और एक बेटा हैं. 21 मई की शाम वह एक दवा दुकानदार से मजदूरी का पैसा लेने की बात कहकर घर से निकले थे. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.

शव मिलने के बाद परिवार में मचा कोहराम

रविवार सुबह शव मिलने की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. पत्नी अमीना खातून और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है

.

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला संदिग्ध लग रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

समस्तीपुर के दलसिंहसराय से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन