दिनदहाड़े मर्डर से दहला समस्तीपुर, चचेरे भाई के पेट में मारी तीन गोलियां
Published by : Aniket Kumar Updated At : 29 May 2026 10:20 AM
प्रतीकात्मक फोटो
Samastipur News: समस्तीपुर के दादपुर में जमीन विवाद में युवक ने चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. पेट में तीन गोली लगने से युवक की मौत हो गई. पुलिस एफएसएल टीम के साथ जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पढे़ं पूरी खबर…
समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित दादपुर मोहल्ला शुक्रवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. आपसी विवाद में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग
मृतक की पहचान दादपुर वार्ड संख्या छह निवासी भोला राय के 30 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह आरोपी युवक अचानक घर में घुस आया और सूरज कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल सूरज कुमार को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के मुताबिक, सूरज के पेट में तीन गोलियां लगी थीं, जिसके कारण उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी.
जमीन विवाद को लेकर चल रहा था तनाव
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद और एएसपी संजय पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक और उसके चचेरे भाई के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. सूरज कुमार कोलकाता में राजमिस्त्री का काम करता था और दो दिन पहले ही घर लौटा था. इसी बीच यह खूनी वारदात हो गई.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










