घोड़ासहन समपार फाटक पर गेटमैन से मारपीट का आरोप, रेलवे कर्मचारी यूनियन ने जताई आपत्ति

प्रतीकात्मक तस्वीर
घोड़ासहन में ड्यूटी पर तैनात गेटमैन के साथ स्थानीय दरोगा द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। रेलवे कर्मचारी यूनियन ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है।
Railway News: घोड़ासहन स्थित समपार फाटक संख्या-15 पर तैनात गेटमैन के साथ स्थानीय दरोगा द्वारा कथित मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है. घटना की शिकायत समस्तीपुर रेल मंडल के अभियंत्रण विभाग की ओर से की गई है. इसके बाद ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन ने घटना पर आपत्ति जताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है.
ड्यूटी के दौरान विवाद का आरोप
शिकायत के अनुसार, समपार फाटक संख्या-15 पर तैनात गेटमैन राकेश प्रसाद 6:00 बजे से 18:00 बजे की ड्यूटी पर थे. बताया गया कि शाम करीब 4:05 बजे अप 75229 सवारी ट्रेन के गुजरने के दौरान फाटक बंद था. इसी दौरान एक स्थानीय दरोगा वहां पहुंचे और फाटक खोलने को कहा. गेटमैन ने ट्रेन गुजरने तक इंतजार करने की बात कही, जिस पर कथित रूप से उन्हें धमकाया गया और गाली-गलौज की गई.
गेट लॉज में घुसकर मारपीट का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बाद में अमृत भारत एक्सप्रेस को पास कराने के दौरान संबंधित दरोगा गेट लॉज में घुस गए और सार्वजनिक रूप से गेटमैन के साथ मारपीट की. इसके बाद रात की ड्यूटी संभालने पहुंचे गेटमैन सूरज कुमार को भी कथित रूप से धमकाया गया और धक्का देकर गेट पीटा गया.
रेलवे अधिकारियों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी तत्काल रक्सौल प्रभारी को दी गई. मामले को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल के अभियंत्रण विभाग ने शिकायत दर्ज कराई है. वहीं, ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन ने इस प्रकार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ा, लेकिन 80 फीसदी छात्र रहते हैं गायब; शिक्षकों की चिंता बढ़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










