वाराणसी से रांची जा रही तेज रफ्तार बस ने औरंगाबाद में डंपर को पीछे से मारी टक्कर, फार्मा कर्मी की मौत, 22 यात्री घायल
टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त बस.
Aurangabad Road Accident: वाराणसी से रात नौ बजे बस रांची के लिए रवाना हुई थी. मंगलवार अहले सुबह औरंगाबाद में चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे एक डंपर बस टकरा गयी. हादसे में वाराणसी के ही एक व्यक्ति की जान चली गयी. करीब 22 लोग घायल हो गए. अधिकांश लोग वाराणसी के ही रहनेवाले है.
औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट
Aurangabad Road Accident : वाराणसी से रांची जा रही एक तेज रफ्तार बस ने औरंगाबाद में सड़क निर्माण कार्य में लगे डंपर को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में फार्मा कर्मी की मौत हो गयी, जबकि 22 यात्री घायल हो गए. हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप मंगलवार की अहले सुबह हुआ. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी.
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है. बताया जाता है कि विवेक सिंह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के कार्य से अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ रांची जा रहे थे. हादसे में गंभीर रूप से घायल विवेक सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
टक्कर से बस के परखच्चे उड़े
जानकारी के अनुसार रेखा बस सोमवार की रात करीब नौ बजे वाराणसी से रांची के लिए रवाना हुई थी. मंगलवार की अहले सुबह लगभग दो बजे जब बस मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप पहुंची, तभी चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया और बस आगे चल रहे डंपर ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

स्थानीय लोगों व पुलिस ने घायलों को बस से निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया. इसके बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को बस से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर तथा सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया. घायलों में वाराणसी के मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा, दुलारी देवी समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं. अधिकांश घायल वाराणसी के शहरी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. कई घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है.
घटना के कारणों की जांच की जा रही
मृतक के सहयोगी आशु पटेल ने बताया कि घटना की सूचना विवेक सिंह के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा. मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घटना की छानबिन की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बेऊर जेल से बाहर निकले रौशन आनंद, बोले- फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक ने कराई भाई की हत्या
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










