प्रवेश पत्र में गड़बड़ी को लेकर स्नातक प्रथम सेमेस्टर की शेष परीक्षाएं स्थगित, परीक्षा केंद्रों से लेकर पूर्णिया विवि तक भारी हंगामा

Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 11 Apr 2026 5:20 PM

विज्ञापन

पूर्णिया विवि

विज्ञापन

पूर्णिया. प्रवेश पत्र में गड़बड़ी को लेकर परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह और समर्थ नोडल ऑफिसर डॉ. सुमन सागर में टकराव के बीच स्नातक प्रथम सेमेस्टर की शेष परीक्षाएं पूर्णिया विवि ने स्थगित कर दी है. इसे लेकर शनिवार को पूर्णिया प्रमंडल के चारों जिले में कई परीक्षा केंद्रों पर हंगामे की नौबत आयी. वहीं पूर्णिया विवि में भी आकर परीक्षार्थियों ने अपने गुस्से का इजहार किया. इधर, विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने विवि परीक्षा विभाग से जारी अधिसूचना मीडिया को शेयर की. इसके अनुसार, स्नातक प्रथम सेमेस्टर दिसंबर 2025 सत्र 2025-29 के परीक्षार्थियों को सूचित किया गया है कि दिनांक 11.4.2026 की द्वितीय पाली से लेकर दिनांक 16.42026 तक की सभी परीक्षा अपरिहार्य कारणवश स्थगित की गयी है. संशोधित कार्यक्रम की सूचना बाद में प्रकाशित की जायेगी. जानकारी के अनुसार, प्रवेश पत्र में त्रुटियों के कारण परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटने का सिलसिला लगातार जारी रहने से परीक्षार्थी काफी आक्रोशित हैं. शनिवार को दूसरी पाली की परीक्षा अचानक रद्द किये जाने से परीक्षार्थी और अभिभावक हक्के-बक्के रह गये. इसके कारण विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अफरातफरी और हंगामे की स्थिति कायम हो गयी. इस बीच, छात्र नेताओं की अगुवाई में भी पूर्णिया विवि पहुंचकर परीक्षार्थियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. ——————————– 8 अप्रैल से अबतक सैकड़ों परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटी जानकारी के अनुसार, प्रवेश पत्र में त्रुटि के कारण 8 अप्रैल से अबतक सैकड़ों परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गयी है. इसके पीछे का कारण एडमिट कार्ड की त्रुटि बतायी गयी. शिकायत है कि निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम और एडमिट कार्ड में दर्ज परीक्षा कार्यक्रम में भिन्नता है. जिन छात्रों ने एडमिट कार्ड के परीक्षा कार्यक्रम को अनुसरण किया है, उनकी परीक्षा छूट गयी है. जो परीक्षार्थी वेबसाइट से डाउनलोड परीक्षा कार्यक्रम का अनुसरण किये, उन्हें इस प्रकार की परेशानी नहीं हुई है. —————————- 8 अप्रैल की प्रथम पाली से लेकर 11 अप्रैल तक की प्रथम पाली में छूटे परीक्षार्थी फिर देंगे परीक्षा इसे लेकर कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने छात्रहित में उन परीक्षार्थियों की परीक्षा लेने का निर्देश दिया जिनकी परीक्षा छूट गयी है. कुलपति के निर्देश पर 11 अप्रैल को विवि परीक्षा विभाग से जारी अधिसूचना के अनुसार, 8.4.2026 की प्रथम पाली से लेकर 11.4.2026 की प्रथम पाली तक जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा किसी कारणवश छूट गयी है, उनकी परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जायेगी. कुलपति की इस पहल के बाद उन परीक्षार्थियों ने राहत की सांस ली है जिनकी परीक्षा छूट गयी है. ————————– दो विभाग में समन्वय के अभाव में पहली बार समर्थ पोर्टल पर ली जा रही परीक्षा में आयी बाधा समर्थ पोर्टल पर नामांकन लेकर पूर्णिया विवि ने मिसाल कायम की. इसे आगे बढ़ाते हुए पहली बार परीक्षा भी समर्थ के माध्यम से ली जा रही है. . यूजी वन साइंस व कॉमर्स की परीक्षा सफलतापूर्वक ली जा रही है. यूजी वन आर्टस के प्रारंभ की परीक्षाएं भी निर्बाध ली गयी. मगर आखिरी तीन पेपर के लिए परीक्षार्थियों की अत्यधिक संख्या रहने पर समस्या खड़ी हो गयी. जहां सेंटर बढ़ाने को अव्यवहारिक मानते हुए परीक्षा विभाग ने एक ही परीक्षा को तीन तारीख में बांट दिया. इस प्रकार के एडजस्टमेंट की सुविधा समर्थ पर सुनिश्चित नहीं हो पाने दिल्ली से जो डेटा अपडेट हुआ उसमें तकनीकी त्रुटि आ गयी. नतीजा प्रवेश पत्र की सूचना के भरोसे रहनेवाले परीक्षार्थियों की परीक्षाएं छूटती चली गयीं. ————————— कॉलेजों के प्राचार्यों व परीक्षार्थियों से विवि की अपील – विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचना पर ध्यान बनाए रखें विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,स्नातक प्रथम सेमेस्टर दिसंबर 2025, सत्र 2025–2029 की परीक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना दी गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों एवं परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचना पर ध्यान बनाए रखें तथा अद्यतन जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं सूचना माध्यमों का नियमित अवलोकन करते रहें. विश्वविद्यालय ने सूचित किया है कि दिनांक 11 अप्रैल 2026 की द्वितीय पाली से लेकर 16 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई हैं. इन परीक्षाओं की नई तिथि एवं संशोधित कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि दिनांक 8 अप्रैल 2026 की प्रथम पाली से लेकर 11 अप्रैल 2026 की प्रथम पाली तक जिन परीक्षार्थियों की परीक्षाएँ किसी कारणवश छूट गई हैं, उनके लिए भी परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी.

विज्ञापन
Abhishek Bhaskar

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन