भोले शंकर को भांग-धतुरा, दूध और जल अर्पित कर मांगी मन्नतें

Published by : SATYENDRA SINHA Updated At : 28 Jul 2025 6:57 PM

विज्ञापन

सावन की तीसरी सोमवार को शहर के अमूमन सभी शिवालयों में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा रहा.

विज्ञापन

शिवालयों में देर रात तक लगा रहा शिव भक्तों का तांता

बोल बम के नारों से गुंजायमान हुआ पूरा इलाका

पूर्णिया. सावन की तीसरी सोमवार को शहर के अमूमन सभी शिवालयों में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा रहा और भगवान भोले नाथ को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने भांग-धतुरा, दूध और जल अर्पित कर अपनी मन्नतें मांगी. तीसरी सोमवारी को लेकर अहले सुबह से ही विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में बड़ी संख्या में स्त्री और पुरुष पहुंचने लगे थे. सुबह सात बजे से लेकर देर दोपहर तक शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा. नित्य क्रिया से निवृत होकर लोग स्नान ध्यान के बाद उपवास रखते हुए भगवान भोले शंकर को जलाभिषेक करने मंदिरों में एकत्रित हुए जहां उनके हाथों में विभिन्न प्रकार के पुष्प, धतूरा के पुष्प, फली, अकवन के पुष्प की माला, बेलपत्रों और पात्र में गंगाजल शोभायमान थे, जिससे भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर पुष्प-बेलपत्र अर्पण किया किया. महादेव भक्ति का यह नजारा अमूमन शहर के सभी शिवालयों में दिखा. सिटी के सौरा नदी से जल भर कर लोग अलग-अलग शिवालयों में गये और जलाभिषेक किया. इसके साथ साथ घरों में रखे गंगाजल से भी लोगों ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया और सम्पूर्ण भक्तिभाव से पूजा अर्चना कर मन्नतें मांगी.

सौरा नदी तट के शिवालय का अनुपम रहा नजारा

पूर्णिया. सावन की तीसरी सोमवारी का अनुपम नजारा पूर्णिया सिटी के सौरा नदी तट के शिवालय में दिखा जहां भक्तों ने बोल बम के जयकारा के साथ सौरा नदी में श्रद्धा की डुबकी लगायी और शिवालय में जल अर्पित किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का दूध से अभिषेक किया और जगत कल्याण की कामना की. तीसरी सोमवारी को सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों के आने का सिलसिला यहां जारी रहा. जहां भगवान शिव के गीत, हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंज रहे थे. दूर दराज के गांवों से बड़ी संख्या में भक्त सिटी पहुंचे और नदी स्नान के बाद कलश में सौरा का जल भर कर अपने गांव के मंदिरों में जलाभिषेक के लिए निकल गये.

आस्था का केन्द्र बना रहा भट्ठा पुलिस ठाकुरबाड़ी

शहर में भट्ठा बाजार स्थित पुलिस ठाकुरबाड़ी का शिवालय पूरे दिनभर आस्था का केंद्र बना रहा. मंदिर परिसर में लगातार भक्त भोले शंकर के भजन गाते दिखे. वहीं मंदिर के निकट लखन चौक के चारों ओर सुबह से ही बड़ी संख्या में सड़क किनारे स्त्री और पुरुष पूजन सामग्री पुष्प, बेलपत्र, भांग, धतूरा, माला वगैरह बेचते नजर आये जहां भक्तों की भीड़ लगी रही. इसके साथ साथ आस पास के मुहल्लों से भी श्रद्धालुओं ने आकर इस मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की और उनसे आशीर्वाद मांगा.स्थानीय पॉलिटेकनिक चौक स्थित शिवालय में भी भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा. इस शिवालय के आस पास रामनगर, सुभाषनगर व अन्य मोहल्ले के भक्तों की भीड़ जुटी.

कई शिवालयों में रुद्राभिषेक का भी हुआ आयोजन

जहां शहर के अन्य शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा वहीं कई शिवालयों में विभिन्न श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भोले नाथ की आराधना के साथ साथ सम्पूर्ण विधि विधान के साथ रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें शरीक होकर पूजा अर्चना की और खुशहाली की कामना की. इसके अलावा कोरटबाड़ी के उगना महादेव मंदिर, हाउसिंग बोर्ड शिवालय, ततमा टोली शिव मंदिर, पंचमुखी मंदिर शिवालय, गुलाबबाग मेला ग्राउंड शिवालय, चंदननगर चौक शिवालय, सुनौली चौक शिवालय, पुरणदेवी मंदिर शिवालय समेत सभी शिव मंदिरों में शिवलिंग पर जल अर्पित कर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SATYENDRA SINHA

लेखक के बारे में

By SATYENDRA SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन