निरीक्षण में आंगनबाड़ी केंद्र में कम उपस्थिति पर एसडीओ ने मांगा जवाब

धमदाहा
धमदाहा. अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार ने बीते दिन क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने धमदाहा मध्य स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 49 पहुंचकर केंद्र संचालन, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण एवं साफ-सफाई की स्थिति की जांच की. निरीक्षण के दौरान केंद्र पर बच्चों की उपस्थिति अपेक्षा से काफी कम पायी गयी, जिस पर एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित आंगनबाड़ी सेविका से स्पष्टीकरण पूछा.उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्र पर नामांकित बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा सरकार द्वारा संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सही तरीके से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं तक पहुंचे.एसडीओ ने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, प्री-स्कूल शिक्षा गतिविधियों एवं अभिलेखों की भी जांच की. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शुरुआती विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. साथ ही केंद्र परिसर की साफ-सफाई एवं बच्चों के बैठने की व्यवस्था को और बेहतर बनाने का निर्देश भी दिया. एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप का लिया जायजा इसके बाद एसडीओ अनुपम कुमार कुंवारी गांव पहुंचे, जहां आयोजित एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम से टीकाकरण अभियान की प्रगति, लाभुकों की संख्या एवं जागरूकता अभियान की जानकारी ली. उन्होंने मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण अभियान को पूरी गंभीरता के साथ चलाया जाए ताकि अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ मिल सके. एसडीओ ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बच्चियों को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाने में सहायक है, इसलिए अभिभावकों को किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए और बच्चियों का समय पर टीकाकरण कराना चाहिए. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने एवं लोगों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करने का भी निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










