‘आपका शहर-आपकी बात’ कार्यक्रम का शुभारंभ, जनसुविधाओं को लेकर किया संवाद

Edited by ARUN KUMAR
Updated:
विज्ञापन

नगर विकास एवं आवास विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 44 के आदर्श मध्य विद्यालय बेलौरी में आपका शहर-आपकी बात का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

पूर्णिया. नगर विकास एवं आवास विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 44 के आदर्श मध्य विद्यालय बेलौरी में आपका शहर-आपकी बात का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा किया गया. वीडियो कॉन्फ्रेंस में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी सहित कई अधिकारीगण मौजूद थे. वहीं वीडियो कान्फ्रेंस से जुड़कर पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी, जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार, नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम, पूर्णिया पूर्व प्रखंड के बीडीओ शैलेश कुमार केशरी सहित संबंधित वार्ड की पार्षद ने मुख्यमंत्री का संवाद सुना. आपका शहर-आपकी बात कार्यक्रम में नगर निगम पूर्णिया के नव विस्तारित क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता एवं विकास कार्यों के शीघ्र एवं समुचित कार्यान्वयन पर नगर निगम प्रशासन एवं जिले के वरीय पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ जनसुविधाओं को लेकर संवाद किया.

बांकी वार्डों में भी होगा संवाद कार्यक्रम

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 8, 9, 10, 11, 24, 34, 35, 42, 43, 44, 45 एवं 46 सहित कुल 12 वार्डों में आपका शहर-आपकी बात कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया है. इसमें वार्ड नंबर 44 में पहले दिन आपका शहर-आपकी बात कार्यक्रम चलाया गया. बांकी वार्डों में भी तिथि निर्धारित कर नगर जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम के माध्यम से वार्ड वासियों की शिकायत एवं समस्या को चिन्हित करते हुए दूर किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को भी लिया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप महापौर पल्लवी गुप्ता, समाजसेवी जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद पूनम देवी, प्रदीप जायसवाल, स्वपन घोष, प्रधान सहायक उमेश यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मनोज साह सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मी एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.

राज्य सरकार का यह फैसला स्वागत योग्य : महापौर

मुख्यमंत्री का वीडियो कॉन्फ्रेंस समाप्त होने के पश्चात मौजूद वार्डवासियों को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि जब वर्ष 2011 में नगर निगम का विस्तार हुआ तो ग्राम पंचायतों में से 12 नये वार्ड का निर्माण हुआ. मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि गांव से शहर का हिस्सा बना यह इलाका आज भी पूर्व से बने वार्डों की तुलना में विकास के मामले में पीछे है. निश्चित रूप से इसके विकास के लिए नये तरीके से विकास योजनाओं के निर्धारण की आवश्यकता है. इस मामले को हम लोग लगातार मंत्री और विभाग के स्तर पर उठाते रहे थे. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह फैसला स्वागत योग्य है. इस कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका वार्ड के नागरिकों की होगी. आप बेहतर बता सकते हैं कि आपके यहां किस चीज की जरूरत और कितनी जरूरत है. आप सबों को कोई झिझक नहीं हो, खुलकर अपनी जरूरत बतायें, नगर निगम आपके साथ खड़ा है. आप जिन जरूरतों को बताएंगे, उसके अनुसार ही विकास योजनाएं बनेगी और उसे नगर निगम की बैठक में पारित कर विभाग को भेजा जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ARUN KUMAR

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन