आंबेडकर आवासीय विद्यालय धमदाहा के शिक्षकों ने काला बिल्ला लगा जताया विरोध

धमदाहा
धमदाहा (पूर्णिया). धमदाहा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, मोग्लिया पुरंदाहा धमदाहा के शिक्षकों ने मंगलवार को काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया. शिक्षकों ने आरोप लगाया कि 20 अप्रैल से डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, गायघाट पटना में प्रशिक्षण के नाम पर गैर-शैक्षणिक कार्य थोपे जा रहे हैं.इसमें मेस ड्यूटी, प्रत्येक विद्यार्थी के भोजन-नाश्ते का फोटो टिप्पणी सहित पोर्टल पर अपलोड करना, हर सप्ताह प्रत्येक विषय की 30 उत्तर पुस्तिकाएं जांचकर पोर्टल पर दर्ज करना और शिक्षकों-छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी जैसे कार्य शामिल हैं. शिक्षकों का कहना है कि ये व्यावहारिक रूप से संभव नहीं हैं. बीपीएससी से नियुक्त विद्यालय अध्यापकों को अन्य आवासीय विद्यालयों की तरह सातवें वेतनमान के अनुरूप वेतन दिया जाए. आवासीय विद्यालय में गैर-शैक्षणिक कार्य हेतु पदों का सृजन कर शीघ्र बहाली हो. तब तक कार्यरत शिक्षकों को अतिरिक्त भत्ता मिले. निलंबित प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों का निलंबन वापस लिया जाए. शिक्षकों का स्थानांतरण कम से कम 5 साल में और गृह जिला या निकटवर्ती जिले में किया जाए. अनुश्रवण कोषांग द्वारा विद्यालय को परीक्षण स्थल न बनाया जाए. व्हाट्सएप या मौखिक आदेश के बजाय मानक संचालन प्रक्रिया के तहत लिखित आदेश जारी हों. रविवार को शिक्षकों को सभी कार्यों से पूर्णतः मुक्त रखा जाए. प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार चौरसिया, सत्यनारायण चौपाल, निरंजन कुमार, अनमोल कुमार, अजय कुमार चौधरी, रंजन कुमार, सूर्य प्रकाश यादव, संतोष कुमार, प्रमोद कुमार, प्रशांत कुमार पांडे, पंकज कुमार समेत शिक्षकों ने कहा कि मंगलवार से कार्यालय अवधि के बाद काली पट्टी बांधकर काम करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










