Vaishali: स्कूल से लौट रहे 5 साल के बच्चे को बाइक ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत

सांकेतिक तस्वीर
वैशाली में स्कूल से लौट रहे 5 साल के मासूम को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी. गंभीर हालत में उसे मुजफ्फरपुर लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पढ़ें पूरी खबर…
Vaishali News: वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र स्थित जारंग रामपुर चौक पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई. मृत बच्चे की पहचान रेयांश पटेल के रूप में हुई है. वह अपने मामा विजय कुमार के घर रह रहा था.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, रेयांश स्कूल से घर लौट रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलने के बाद मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.
स्थानीय लोगों ने बाइक जब्त किया, पुलिस जांच में जुटी
बताया गया कि हादसा मंगलवार दोपहर करीब दो बजे हुआ. टक्कर मारने वाली बाइक को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार, बाइक बिक्की कुमार, पिता रामनरेश राम के नाम से पंजीकृत है. मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










