20 नवंबर तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य, सीएम बोले- जल्द समृद्ध होगा बिहार

Published by :Paritosh Shahi
Published at :28 Apr 2026 8:24 PM (IST)
विज्ञापन
Samrat-Choudhary-in-Bihta

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

CM Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में नवंबर 2026 तक पांच लाख करोड़ रुपये निवेश, एक करोड़ रोजगार और हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने का बड़ा लक्ष्य रखा है. बिहटा में टेक्नोलॉजी सेंटर उद्घाटन के दौरान उन्होंने उद्योग, शिक्षा, कौशल विकास और एआई रिसर्च पर सरकार का प्लान बताया.

विज्ञापन

CM Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 20 नवंबर 2026 तक एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतारा जायेगा. सरकार इसके लिए प्रयास कर रही है. हर महीने में दो दिन प्रखंड, अंचल और थाना में कैंप लगाकर आन स्पाट शिकायतों का निबटारा किया जायेगा.

मंगलवार को मुख्यमत्री ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की मौजूदगी में बिहटा में केंद्र सरकार के एमएसएमइ मंत्रालय द्वारा नवनिर्मित प्रौद्योगिकी केंद्र तथा इसके चार एक्सटेंशन सेंटर- मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा एवं मुंगेर का उद्घाटन किया.

मुख्यमंत्री ने नेशनल एससी- एसटी हब के तहत उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जब बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होंगे तब रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बिहार में समृद्धि आयेगी. एक करोड़ लोगों को रोजगार एवं नौकरी से जोड़ना सरकार का संकल्प है. इसके लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है.

नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार पर क्या बोले

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 2 दशक में बिहार के हर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास के काम किये गये हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं. बिहटा में 15 एकड़ जमीन पर स्थापित प्रौद्योगिकी केंद्र एवं मुजफ्फरपुर, दरभंगा, रोहतास और मुंगेर के इसके एक्सटेंशन सेंटर से ट्रेनिंग हासिल करने वाले युवाओं को डिप्लोमा एवं डिग्री दी जायेगी.

इसका लाभ लाखों बच्चों को मिलेगा और बच्चे कौशल युक्त होंगे. इस प्रौद्योगिकी केंद्रों में तीन थीम पर प्रशिक्षण दिया जायेगा. इनमें उत्पाद की गुणवत्ता, उसकी पैकेजिंग एवं राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्पादों की कैसे बेहतर ढंग से मार्केटिंग हो सके, इसका प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

बिहार में 10 रुपये में इंजीनियरिंग और पांच रुपये में डिप्लोमा की हो रही पढ़ाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के एक साल का शुल्क मात्र 10 रुपये है. वहीं डिप्लोमा करने वाले विद्यार्थियों से शुल्क के रूप में साल भर के लिए मात्र पांच रुपये लिया जाता है. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करायी है.

पीएम मोदी से मिलेंगे

सीएम ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि बिहार में 10 और टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान करें ताकि बिहार के अधिक से अधिक नौजवान ट्रेंड हो सकें. इसके लिए प्रधानमंत्री से भी मिलकर आग्रह करेंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट की पहली बैठक में बिहटा के आइआइटी संस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च सेंटर स्थापित करने हेतु 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है. इसके स्थापित होने से दुनिया भर से लोग बिहार आयेंगे, जिससे बिहार की समृद्धि बढ़ेगी. जब बिहार विकसित होगा तब ही देश आगे बढ़ेगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

जुलाई से प्रत्येक प्रखंड में खुलेगी डिग्री कालेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई माह से बिहार के प्रत्येक ब्लॉक में डिग्री कॉलेज खोला जायेगा. प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल की स्थापना की जायेगी, ताकि बच्चों को पढाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़े. उन्होने आश्वस्त किया कि बिहार की जन आकांक्षाओं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकसित बिहार के सपने को हर हाल में पूरा वह करेंगे.

इसे भी पढ़ें: ‘बिहारी होने के कारण मारी गोली’, पांडव कुमार की हत्या पर भड़के तेजस्वी, बोले- जल्द चाहिए न्याय

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन