रक्षाबंधन पर नोट कर लें राखी बांधने का सबसे शुभ मुहूर्त, महिलाओं और बेटियों के लिए सम्राट चौधरी के 3 बड़े तोहफे
रक्षाबंधन पर सीएम सम्राट का ऐलान
Raksha Bandhan 2026 : इस साल रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा. जानें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त और भद्रा काल का समय. साथ ही, बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए दो दिन की मुफ्त बस यात्रा और आर्थिक सहायता की घोषणा की है.
Raksha Bandhan 2026 : भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन इस बार 28 अगस्त शुक्रवार को मनाया जाएगा. श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन मनाया जाता है. कल के खास दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी, वहीं भाई भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार देंगे. रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए कई ऐलान किए हैं.
आपके शहर में
Kab Hai Raksha Bandhan : आज या कल कब है रक्षाबंधन?
पंचांग के मुताबिक, इस वर्ष पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह 9:08 बजे से शुरू होगी और 28 अगस्त की सुबह 9:48 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के अनुसार रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा.
28 अगस्त को बहनें बांधेंगी भाई की कलाई पर राखी
पूर्णिमा तिथि 28 अगस्त की सुबह तक रहने के कारण इसी दिन रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा. इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधेंगी और उनकी सुख-समृद्धि व लंबी उम्र की कामना करेंगी.

भद्रा का साया 27 अगस्त की रात तक
रक्षाबंधन पर भद्रा काल का विशेष ध्यान रखा जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भद्रा के दौरान शुभ और मांगलिक कार्य करना उचित नहीं माना जाता. इस साल 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे से रात 9:32 बजे तक भद्रा का प्रभाव रहेगा. इसके बाद भद्रा समाप्त हो जाएगी. ऐसे में 28 अगस्त को राखी बांधने के दौरान भद्रा की बाधा नहीं रहेगी.
सुबह 6:23 से राखी बांधने का शुभ समय
पंचांग के अनुसार, 28 अगस्त को राखी बांधने का शुभ समय सुबह 6:23 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा. इस अवधि में बहनें भाई की कलाई पर राखी बांध सकती हैं.
राहुकाल में राखी बांधने से बचें
28 अगस्त को सुबह 10:12 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक राहुकाल रहेगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान शुभ कार्य करने से बचने की सलाह दी जाती है. इसलिए इस अवधि में राखी बांधने से बचना बेहतर होगा.
दोपहर और शाम में भी शुभ समय
अगर सुबह राखी बांधना संभव नहीं हो तो दिन के दूसरे शुभ समय का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. 28 अगस्त को अभिजित मुहूर्त दोपहर 12:04 बजे से 12:53 बजे तक रहेगा. वहीं शुभ चौघड़िया दोपहर 12:28 बजे से 2:03 बजे तक रहेगा.
अपराह्न काल और शाम का मुहूर्त
रक्षाबंधन पर अपराह्न काल दोपहर 1:44 बजे से शाम 4:16 बजे तक रहेगा. इसके अलावा शाम का चर चौघड़िया 5:13 बजे से 6:48 बजे तक रहेगा. इन समयों में भी राखी बांधने के लिए शुभ समय देखा जा सकता है.
Bihar Government : बिहार सरकार का रक्षाबंधन पर ऐलान
बिहार की सम्राट सरकार ने रक्षाबंधन पर बिहार की महिलाओं और बेटियों के लिए 3 बड़े ऐलान भी किए हैं. सीएम सम्राट ने बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और आर्थिक मजबूती को प्राथमिकता देते हुए यह ऐलान किया है. इसके तहत उन्होंने छात्राओं को PhD के लिए हर महीने 10 हजार रुपये और रोजगार व स्टार्टअप शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
बेटियां और महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
बेटियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 'बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना' भी शुरू की गई है. इस योजना के तहत युवतियों को अपना व्यवसाय या स्टार्टअप शुरू करने के लिए 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
संबंधित खबर : रक्षाबंधन से पहले सीएम सम्राट का ऐलान- 5 लाख महिलाओं को मिलेंगे 600 करोड़ रुपये, जानिए पूरा प्लान
महिलाओं को दो दिन मुफ्त बस यात्रा
बिहार सरकार ने महिलाओं को रक्षाबंधन के मौके पर दो दिनों तक सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की भी घोषणा की है. इससे रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को आने-जाने में राहत मिलेगी.
1 करोड़ महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुताबिक बिहार में 1 करोड़ महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए महिलाओं को अलग-अलग क्षेत्रों से जोड़ा जाएगा. इनमें 60 लाख महिलाएं पशुपालन, 25 लाख विनिर्माण और 15 लाख महिलाएं सेवा क्षेत्र से जुड़ेंगी. सरकार का उद्देश्य महिलाओं को कमाई के बेहतर साधन उपलब्ध कराना है.
5 लाख महिलाओं के बीच बांटे जाएंगे 600 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत 5 लाख बहनों के बीच 600 करोड़ रुपये का अंतरण किया जाएगा. इसके अलावा अगले 5 वर्षों में करीब 20,000 करोड़ रुपये के योजनागत संसाधनों का अभिसरण किया जाएगा. यानी अलग-अलग सरकारी योजनाओं के संसाधनों को महिलाओं के आर्थिक विकास से जुड़े कामों में जोड़ा जाएगा.
Also Read : बिहार में बेटियों को पढ़ाई से कारोबार तक सरकार का साथ, PhD के लिए ₹10 हजार और स्टार्टअप को ₹2 लाख
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए