जर्जर सड़क पर जलजमाव से आवागमन हुआ मुश्किल

बैसा
बैसा(पूर्णिया). बैसा प्रखंड अंतर्गत रौटा बाजार पुरानी थाना से चन्नी गांव सहित रायबेर तथा मालोपाड़ा पंचायत जाने वाली मुख्य सड़क पर इन दिनों जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण स्थिति विकट हो गई है. सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें लगातार पानी भरा रहने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस सड़क से होकर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, मरीज, व्यापारी तथा छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन गड्ढों और जलजमाव के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है. खासकर बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के लिए यह सड़क खतरे का कारण बन चुकी है. कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं, वहीं छोटे वाहन भी गड्ढों में फंस जाते हैं जिससे घंटों जाम जैसी स्थिति बन जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है. अब यह पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो चुकी है. बारिश होने पर स्थिति और भयावह हो जाती है, क्योंकि पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर साल यही परेशानी झेलनी पड़ती है. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई और स्थायी जल निकासी के लिए नाला निर्माण कराने की मांग की है.वही इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के जेई ने बताया कि एक दो दिनों में गड्ढा भर दिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










