गुलाबबाग में गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं को गैर संचारी रोगों के प्रति किया जागरूक
Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 29 May 2026 5:33 PM
डाक्टर नहीं चाहते कि आने वाली पीढ़ी अस्पताल आएं
डाक्टर नहीं चाहते कि आने वाली पीढ़ी अस्पताल आएं : डाॅ आरके मोदी
बच्चों का पूरी तरह स्वस्थ रहना देश के विकास के लिए अनिवार्य : खेमका
पूर्णिया. एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया यानी एपीआई बिहार चैप्टर की ओर से गुलाबबाग स्थित मोहनलाल बजाज गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं को गैर-संचारी रोगों के प्रति अगाह किया गया और संबंधित रोगों की जानकारी देते हुए इन गंभीर रोगों से सतर्क रहने की अपील की गई. एपीआई ने अपने इस अभियान पर फोकस करते हुए स्पष्ट किया कि डाक्टर नहीं चाहते कि आने वाली पीढ़ी को अस्पताल या क्लीनिक जाने की नौबत आए. इस उद्देश्य से स्कूलों में अभियान चला कर छात्र-छात्राओं को जागरुक किया जा रहा है. एपीआई की ओर से इस दौरान गैर-संचारी बीमारियों से संबंधित एक विशेष सर्वेक्षण आयोजित किया गया. इस अनूठे और बड़े अध्ययन में स्कूल के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. इस अभियान की चर्चा करते हुए एपीआई बिहार चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. आर. के. मोदी ने बताया कि यह सर्वेक्षण कोई सामान्य रूटीन जांच नहीं है, बल्कि यह बिहार के भविष्य यानी हमारे बच्चों को सुरक्षित करने का एक बड़ा वैज्ञानिक और नीतिगत प्रयास है. राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. देवी राम ने कहा कि आधुनिक समय में युवाओं और बच्चों में बदलती जीवनशैली के कारण ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और मानसिक तनाव जैसी गंभीर बीमारियां तेजी से पैर पसार रही हैं. उन्होंने कहा कि आईसीएमआर और आरएमआरएमएस द्वारा स्वीकृत यह स्टडी हमें यह समझने में सीधी मदद करेगी कि जमीनी स्तर पर स्कूली बच्चे किस तरह के स्वास्थ्य खतरों का सामना कर रहे हैं. एपीआई पूर्णिया चैप्टर के सचिव प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि सर्वे के माध्यम से बच्चों और उनके अभिभावकों को एक सचेत, अनुशासित और रोगमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है. वरिष्ठ चिकित्सक एवं सदस्य डॉ. यू.बी. सिंह, वरिष्ठ चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. रजनीश कुमार ने भी विषय वस्तु पर प्रकाश डाला. एपीआई के इस स्वास्थ्य अभियान की सराहना करते हुए स्थानीय विधायक विजय खेमका ने कहा कि एपीआई बिहार और पूर्णिया चैप्टर द्वारा स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर चलाई जा रही यह मुहिम सराहनीय और समयानुकूल है. उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं. इसलिए उनका शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ रहना देश के विकास के लिए अनिवार्य है. इस मौके पर विधायक श्री खेमका ने कहा कि सरकार से मिल कर इस विद्यालय को एफिलिएशन दिलाना है. अंत में धन्यवाद ज्ञापन कोटरल के संजय कुमार संचेती ने किया.
मंच संचालन मनोज पुगलिया कर रहे थे. इस अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष सह वरिष्ठ अधिवक्ता शेखर चंद जी संचेती, प्राचार्य पिंकी माथुर, कमिटी मेम्बर मुरली बजाज, लक्ष्मण बजाज, अधिवक्ता संजय सिंह, अखिलेश चन्द्रा, सन् फार्मा के क्षेत्रीय प्रबंधक आनन्द स्वरूप, जारूण फार्मा के रवि शंकर, एपरा मेडिटेट प्रिन्स , सन् फार्मा के आशिष यादव सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं और चिकित्सा जगत से जुड़े कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










