चम्पानगर नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति में ललिता, डेजी और तहसुन फातमा बनीं सदस्य
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 29 May 2026 7:01 PM
डेजी और तहसुन फातमा बनीं सदस्य
केनगर. जिले के नवनिर्वाचित नगर पंचायत चम्पानगर के लिए शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. यह चुनाव केनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना सभागार में पूर्णिया डीसीएलआर प्रीति कुमारी की देखरेख में कराया गया. इस चुनाव में नगर पंचायत चम्पानगर के कुल 12 वार्ड पार्षदों ने मतदाता के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए बैलट पेपर और बैलट बॉक्स का इस्तेमाल किया गया. तीन अलग-अलग सदस्य पदों के लिए 4 महिलाओं समेत कुल 6 वार्ड पार्षदों ने अपनी दावेदारी पेश की थी.मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की गई. कड़े मुकाबले के बाद घोषित किए गए परिणाम में प्रथम सदस्य पद पर ललिता देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विकास कुमार यादव को 2 वोटों से पराजित कर जीत दर्ज की. द्वितीय सदस्य पद पर डेजी देवी ने भी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिरुद्ध मंडल को 2 वोटों से शिकस्त दी. तृतीय सदस्य पद पर तहसुन फातमा ने एकतरफा मुकाबले में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी धनी कुमारी को 4 वोटों के अंतर से हरा दिया. चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसीएलआर प्रीति कुमारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिला कला संस्कृति पदाधिकारी पंकज पटेल, बीडीओ आशीष कुमार एवं सीओ दिवाकर कुमार ने संयुक्त रूप से सभी विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा और उन्हें बधाई दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










