चाचा के अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान करने पहुंचा युवक, तेज धारा में बहकर लापता, खोजबीन जारी
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन
बाढ़ के उमानाथ गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक तेज धारा में बह गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और गोताखोर युवक की तलाश कर रहे हैं. इस दुखद घटना ने परिजनों को गहरा सदमा पहुंचाया है.
Patna News : पटना जिले के बाढ़ स्थित उमानाथ गंगा घाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान 25 वर्षीय युवक तेज धारा की चपेट में आकर डूब गया. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा गोताखोरों की मदद से गंगा में युवक की तलाश शुरू कर दी गयी. समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था.
उमानाथ घाट की घटना, नहाने के दौरान डूबा
जानकारी के अनुसार, बाढ़ नगर के पंचशील नगर निवासी वीरू पासवान अपने चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के साथ सती स्थान श्मशान घाट पहुंचा था. अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद परिवार के सदस्य गंगा स्नान के लिए उमानाथ घाट पहुंचे. इसी दौरान स्नान करते समय वीरू गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आने के बाद देखते ही देखते नदी में लापता हो गया.
बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं मिला युवक
मृतक के बड़े भाई कन्हैया पासवान ने बताया कि वीरू गंगा में स्नान कर रहा था, तभी अचानक डूबने लगा. कुछ ही क्षण में वह पानी के अंदर समा गया. घटना के समय साथ मौजूद पड़ोसी साजन कुमार ने बताया कि स्नान करते-करते वीरू तेज बहाव की चपेट में आ गया. उन्होंने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया.
पड़ोसी पप्पू ठाकुर ने बताया कि परिवार के एक सदस्य की मृत्यु के बाद दाह संस्कार के लिए सभी लोग सती स्थान पहुंचे थे. अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान के दौरान यह हादसा हो गया.
गोताखोरों ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल उमानाथ घाट पहुंचे. गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में युवक की तलाश की जा रही है. घटना के बाद घाट पर काफी संख्या में लोग जुट गये. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रशासन ने लोगों से गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और बैरिकेडिंग के बाहर नहीं जाने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 9 अगस्त को बिहार के इन जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवा की चेतावनी, IMD ने क्या बताया
पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










