पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी
सड़क हादसे के बाद उपद्रवियों ने वाहनों में लगाई आग
पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. NH-30 जाम कर उग्र प्रदर्शन किया गया, जिसमें वाहनों में आगजनी और पथराव की घटनाएं हुईं.
Patna News : पटना सिटी. अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में जमकर बवाल हो गया. हादसे से आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति तब और बिगड़ गई जब गुस्साए लोगों ने एक खाली बस में के साथ कई वाहनों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.

सड़क पार करते समय हुआ हादसा
लोगों के अनुसार पहाड़ी मोहल्ला निवासी युवक मनीष उर्फ उपेंद्र सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही बस ने उसे कुचल दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और गुस्से का माहौल बन गया.
गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के पास सड़क जाम कर दिया. लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काफी देर तक हंगामा किया. नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
View on Instagram
प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप
प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने स्थिति को और भड़का दिया. सड़क किनारे लगे बस को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी. इसके अलावा कई वाहनों पर पथराव कर तोड़फोड़ की गई. आधा दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और खासकर दुपहिया वाहनों को निशाना बनाया गया. सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया गया. इसके साथ ही जिला प्रशासन के कई वाहनों में आग लगा दी गई. आगजनी की इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.

पुलिस पर पथराव, बढ़ा तनाव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की. लेकिन हालात काबू में नहीं आई. इसी दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव शुरू कर दिया. जवाब में पुलिस और उपद्रवियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. वहीं बस में लगी आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
इसी दौरान पुलिस ने मृतक युवक मनीष उर्फ उपेंद्र के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पुलिस प्रशासन ने लोगों को शांत कराने के बाद धीरे-धीरे सड़क जाम हटवाया.
ट्रैफिक पूरी तरह ठप
NH-30 पर जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोग घंटों जाम में फंसे रहे.
पुलिस ने कही कार्रवाई की बात
मौके पर पहुंचे एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिसे अब नियंत्रित कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि सड़क जाम हटा दिया गया है और मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इलाके में तनाव, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद पूरे बाईपास थाना क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही यह भी कहा गया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
अंडरपास की मांग उठी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बड़ी और छोटी पहाड़ी को जोड़ने के लिए अंडरपास निर्माण की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि चौराहा पार करने में हमेशा खतरा बना रहता है. अगर अंडरपास बन जाए तो इस तरह के हादसों से बचा जा सकता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए