जीएसटी बिल और ट्रांसपोर्ट रसीद भेजकर कारोबारी को दिया झांसा, प्लास्टिक रोल के नाम पर 2.50 लाख ठगे
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
पटना में एक प्लास्टिक बोरा कंपनी के निदेशक को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया गया है. ₹2.50 लाख की ठगी प्लास्टिक रोल भेजने के नाम पर हुई, जहां जालसाज ने फर्जी बिल और ट्रांसपोर्ट रसीद भेजकर भरोसा जीता. बाद में संपर्क बंद कर दिया.
Cyber fraud in Patna : पटना में प्लास्टिक बोरा बनाने वाली कंपनी के निदेशक से प्लास्टिक रोल भेजने के नाम पर 2.50 लाख रुपये की साइबर ठगी किये जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित दानापुर के विकास नगर रोड नंबर-4 निवासी विजय सिंह, निदेशक प्रताप पॉलिटेक प्राइवेट लिमिटेड ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है.
फोन कर खुद को कंपनी का मालिक बताया
आवेदन के अनुसार, 25 जुलाई को विजय सिंह के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया. उसने खुद को संजय कुमार बताते हुए श्री वीरभद्र इंडस्ट्रीज का मालिक बताया. उसने प्लास्टिक बोरा रोल का कारोबार करने की बात कही और कंपनी का जीएसटी नंबर, प्रोफार्मा बिल और वीडियो भी भेजा.
7000 किलो प्लास्टिक रोल का दिया ऑर्डर
कंपनी से बातचीत के बाद विजय सिंह ने 7000 किलो प्लास्टिक रोल का ऑर्डर दिया. इसके बाद आरोपित की ओर से बताये गये बैंक खाते में उन्होंने 28 जुलाई को एक लाख रुपये, 29 जुलाई को एक लाख रुपये और 30 जुलाई को 50 हजार रुपये भेजे. इस तरह कुल 2.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया.
ट्रांसपोर्ट रसीद भेजकर किया भरोसा
रुपये मिलने के बाद आरोपित ने विजय सिंह को ट्रांसपोर्ट की रसीद और वाहन की जानकारी भेजी. इसके साथ ही माल नागपुर पहुंचने की बात कही और एक अगस्त की शाम तक प्लास्टिक रोल पहुंच जाने का भरोसा दिया.
माल नहीं पहुंचा तो मोबाइल हुआ बंद
एक अगस्त की शाम तक माल नहीं पहुंचने पर कारोबारी ने आरोपित से संपर्क करने का प्रयास किया. लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले. कई बार संपर्क करने के बावजूद बात नहीं हो सकी. इसके बाद विजय सिंह को ठगी का एहसास हुआ.
साइबर थाने में शिकायत
ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और बैंक खाते तथा मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपित की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए