पटना : बिहटा से 25 टन मखाना ऑस्ट्रेलिया रवाना,कृषि मंत्री ने दिखाई हरी झंडी, किसानों को मिलेगा वैश्विक बाजार

Updated:
विज्ञापन

मखाना ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा

पटना के बिहटा से 25 टन मखाना सात कंटेनर ट्रकों में ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना किया गया है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर इस पहल की शुरुआत की. जीआई टैग मिलने के बाद बिहार के मखाना को वैश्विक पहचान मिली है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

Patna News : बिहार के मखाना को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में शुक्रवार को बड़ी पहल की गयी. पटना जिले के बिहटा प्रखंड के सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित JITBAN Supply Chain परिसर से 25 टन मखाना लेकर सात कंटेनर ट्रकों को कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना किया. कृषि मंत्री ने कहा कि देश के कुल मखाना उत्पादन में बिहार की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है. जीआई टैग मिलने के बाद बिहार के मखाना को वैश्विक पहचान मिली है.

रेल और समुद्री मार्ग से ऑस्ट्रेलिया पहुंचेगा मखाना

रवाना किये गये मखाना से लदे कंटेनर पहले बिहटा स्थित इनलैंड ड्राई पोर्ट डिपो पहुंचेंगे. यहां से इन्हें रेल मार्ग से कोलकाता ले जाया जाएगा. इसके बाद समुद्री जहाज के माध्यम से मखाना की खेप ऑस्ट्रेलिया भेजी जाएगी. कार्यक्रम में कृषि विभाग, कस्टम विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

किसानों ने मंत्री के सामने रखी समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान दरभंगा सहित मिथिलांचल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे मखाना किसानों ने कृषि मंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं. किसान राज कुमार सिंह ने बताया कि अब तक वे अपनी पूंजी से ही मखाना की खेती करते आ रहे हैं और सरकारी योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका है. उन्होंने कहा कि पहले मखाना कम कीमत पर बेचने की मजबूरी रहती थी, लेकिन अब विदेशों में निर्यात शुरू होने से किसानों में उम्मीद जगी है. उन्होंने सरकार से खेती के लिए आर्थिक सहयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने की मांग की.

सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग

महिला किसान अंबिका देवी ने भी बताया कि वह वर्षों से अपने संसाधनों से मखाना की खेती कर रही हैं, लेकिन अब तक किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है. उन्होंने कृषि मंत्री के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.

कृषि मंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार मखाना उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है. सरकार का प्रयास है कि बिहार के मखाना को देश-विदेश में व्यापक बाजार मिले और इसका सीधा लाभ मखाना उत्पादक किसानों को प्राप्त हो.


विज्ञापन
Monu Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Monu Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन