Bihar Teacher News: बिहार के 2916 शिक्षकों की जाएगी नौकरी, जांच में हुआ ये बड़ा खुलासा

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 03 Jan 2026 11:37 AM

विज्ञापन

सांकेतिक फोटो

Bihar Teacher News: बिहार में फर्जी प्रमाणपत्रों पर बहाल नियोजित शिक्षकों की पोल खुल गई है. निगरानी विभाग की जांच में 2916 शिक्षक जाली अंकपत्र और सर्टिफिकेट के सहारे नौकरी करते पाए गए हैं, जिनकी बहाली अब खतरे में पड़ गई है.

विज्ञापन

Bihar Teacher News: बिहार में फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी पाने वाले नियोजित शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. निगरानी विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. राज्य के अलग-अलग जिलों में 2916 नियोजित शिक्षक फर्जी प्रमाणपत्र और जाली अंकपत्र के आधार पर नौकरी कर रहे थे. इन सभी के खिलाफ संबंधित जिलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

दिसंबर 2025 तक शिक्षा बोर्ड से कराए गए प्रमाणपत्र सत्यापन में इन शिक्षकों के दस्तावेज फर्जी पाए गए. जांच में सामने आया है कि कुछ शिक्षकों ने अपने अंकपत्र में छेड़छाड़ कर नंबर बढ़ा लिए थे, तो कुछ ने दूसरे व्यक्ति के नाम और रोल नंबर का इस्तेमाल कर नौकरी हासिल कर ली. कई मामलों में प्रमाणपत्र में दर्ज पिता का नाम मेल नहीं खाता, जबकि कई दस्तावेज पूरी तरह जाली निकले हैं.

अभी भी जांच जारी, बढ़ सकती है फर्जी शिक्षकों की संख्या

निगरानी विभाग का कहना है कि यह आंकड़ा अभी अंतिम नहीं है. जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में फर्जी शिक्षकों की संख्या और बढ़ सकती है. पटना हाईकोर्ट के आदेश पर निगरानी विभाग को यह जांच सौंपी गई थी. जांच के दायरे में वे शिक्षक हैं, जिनकी बहाली वर्ष 2006 से 2015 के बीच हुई थी.

निगरानी के डीजी जे.एस. गंगवार के अनुसार अब तक 2916 शिक्षकों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं. जांच अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे कौन-कौन से संगठित गिरोह सक्रिय थे.

पात्रता परीक्षा किसी और ने दी, नौकरी किसी और को मिली

पटना के कोतवाली थाना में दर्ज एक मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जांच में पता चला कि अनु नाम की शिक्षिका ने शिक्षक पात्रता परीक्षा दी ही नहीं थी. जिस रोल नंबर पर उसे पास दिखाया गया, वह ज्ञांती कुमारी का था. ज्ञांती को पेपर-1 में 43 अंक मिले थे, लेकिन रिकॉर्ड में हेराफेरी कर अनु को 85 अंक दिखाकर पास कर दिया गया.

जाली मार्क्सशीट पर बन गए शिक्षक

जांच में कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां फर्जी विश्वविद्यालयों और अमान्य शिक्षा बोर्डों के प्रमाणपत्र देकर लोग शिक्षक बन गए और सालों तक वेतन उठाते रहे. बताया जा रहा है कि दो से तीन लाख रुपये लेकर जाली मार्क्सशीट और सर्टिफिकेट तैयार किए गए. निगरानी विभाग अब इन गिरोहों की भी पहचान कर रहा है.

67 हजार शिक्षकों की नौकरी भी खतरे में

सक्षमता परीक्षा को लेकर भी स्थिति गंभीर है. अब तक 3 लाख 46 हजार शिक्षकों में से 3 लाख 19 हजार परीक्षा दे चुके हैं. करीब 67 हजार शिक्षक या तो परीक्षा नहीं दे सके हैं या पास नहीं हो पाए हैं. ऐसे में इनकी नौकरी पर भी खतरा मंडराने लगा है.

Also Read: अब थाने के चक्कर खत्म! बिहार के DGP ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, सीधे पुलिस मुख्यालय पहुंचा सकते हैं शिकायत

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन