धनरूआ पंचायत समिति की बैठक में हंगामा, नल-जल, और श्रम कार्ड की अनियमितताओं पर उठे सवाल
बैठक के दौरान हंगामा करते हुए
धनरूआ प्रखंड परिसर में आयोजित पंचायत समिति की बैठक जनसमस्याओं और विभिन्न विभागों की कार्यशैली को लेकर हंगामेदार रही. पांच वर्षों के फैसलों पर जवाब मांगा गया और अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगे.
Patna News : धनरूआ प्रखंड परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में बुधवार को आयोजित पंचायत समिति की सामान्य बैठक जनसमस्याओं और विभिन्न विभागों की कार्यशैली को लेकर हंगामेदार रही. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख बबीता देवी ने की. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ आलीशा कुमारी, उपप्रमुख प्रेम कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
पांच वर्षों के फैसलों पर मांगा जवाब
बैठक शुरू होते ही सतपरसा पंचायत समिति सदस्य नीतीश कुमार ने वर्ष 2021 से अब तक हुई पंचायत समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों पर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण फैसले केवल कार्यवाही पुस्तिका तक सीमित रह गए और धरातल पर उनका कोई असर नहीं दिखा. उनके इस सवाल का अन्य सदस्यों ने भी समर्थन किया.
अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर उठे सवाल
नदवां पंचायत के मुखिया ने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन और अन्य कार्य बिना दलाल के नहीं हो रहे हैं. उन्होंने पंचायत सरकार भवन और डब्ल्यूपीसी के लिए एनओसी नहीं मिलने से विकास कार्य प्रभावित होने की बात कही. सदन में उन्होंने सवाल किया कि क्या एनओसी के लिए भी चढ़ावा देना पड़ेगा. इस पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. अंचलाधिकारी ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने हाल ही में पदभार संभाला है और सभी मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
नल-जल योजना और प्रमाण पत्र बनाने में परेशानी
बहरामपुर पंचायत के मुखिया गुड्डू कुमार ने वार्ड संख्या-दो, किशुनगंज में एक वर्ष से खराब पड़े नल-जल योजना के मोटर को बदलने की मांग की. उन्होंने कहा कि मोटर खराब रहने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. इस पर लघु सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर ने बजट की कमी के कारण मरम्मत नहीं हो पाने की जानकारी दी. गुड्डू कुमार ने जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनाने में कार्यपालक सहायक की मनमानी तथा आम लोगों को अनावश्यक परेशान किए जाने का मुद्दा भी उठाया.
श्रम कार्ड में अनियमितता का मामला उठा
मोरियावां पंचायत के मुखिया रंजन कुमार ने श्रम कार्ड बनाने में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि कई पात्र लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. उन्होंने इस दिशा में सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की. बैठक में मुखिया रानी कुमारी, संतोष कुमार, दिलीप कुमार, पंचायत समिति सदस्य राजकिशोर प्रसाद, धर्मवीर, कुमार धर्मेंद्र रजक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ajay Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










