पटना में नकली कॉस्मेटिक्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, लाखों के डुप्लीकेट उत्पाद जब्त
जब्त नकली कॉस्मेटिक्स सामान
पटना पुलिस ने गांधी मैदान थाना इलाके में एक नकली कॉस्मेटिक्स और ब्रांडेड उत्पादों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. लाखों रुपये के डुप्लीकेट उत्पाद, जिनमें ब्रांडेड हेयर ऑयल, शैंपू और दवाएं शामिल हैं, जब्त किए गए हैं. यह अवैध धंधा छह महीने से चल रहा था और पुलिस अब इसके आपूर्ति नेटवर्क की जांच कर रही है.
Patna News : गांधी मैदान थाना पुलिस ने नकली कॉस्मेटिक्स और अन्य ब्रांडेड उत्पादों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए लाखों रुपये के डुप्लीकेट सामान बरामद किए हैं. यह कार्रवाई ब्रांड प्रोटेक्शन प्राइवेट लिमिटेड से मिली सूचना के आधार पर की गई.
किराए के मकान में चल रहा था नकली उत्पादों का कारोबार
पुलिस ने बेलवरगंज-लोदीपुर इलाके में स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान डाबर कंपनी का नकली हेयर ऑयल, इमामी का नकली नवरत्न तेल, सिप्ला कंपनी के नाम से पैक शैंपू, विभिन्न कंपनियों के नकली कॉस्मेटिक उत्पाद और कफ सिरप की दवाएं बरामद की गईं.
छह महीने से चल रहा था अवैध धंधा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त मकान में पिछले करीब छह माह से नकली उत्पाद तैयार कर उनकी पैकिंग और बिक्री का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था. पुलिस बरामद सामान के मूल्य का आकलन कर रही है.
आपूर्ति नेटवर्क की जांच शुरू
एसडीपीओ टाउन-2 कामख्या नारायण सिंह ने बताया कि ब्रांड प्रोटेक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों की सूचना पर छापेमारी की गई, जिसमें लाखों रुपये मूल्य के नकली उत्पाद जब्त किए गए हैं. इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
कई जिलों तक हो सकती है सप्लाई
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि तैयार किए जा रहे नकली उत्पादों की आपूर्ति किन-किन जिलों और बाजारों में की जा रही थी. मामले में पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आनंद कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










