प्लास्टिक से होगी कमाई! पटना में लगेंगी Reverse Vending Machine, जानें कहां और कैसे?

Reverse Vending Machine
Patna News: पटना नगर निगम शहर में पांच जगह रिवर्स वेंडिंग मशीन (Reverse Vending Machine ) लगाएगा, जो प्लास्टिक बोतल और कैरी बैग लेकर बदले में इनाम या ग्रीन पॉइंट देगी. यह मशीन एक घंटे में 120 बोतल तक रीसाइकिल कर सकेगी और हर साल 42 टन CO₂ उत्सर्जन की बचत करेगी. जानें कहां लगेंगी ये मशीनें और कैसे मिलेगा इनाम.
Patna News: शहर को प्लास्टिक कचरे से मुक्त कराने और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए पटना नगर निगम एक नई पहल कर रहा है. शहर में पांच जगहों पर रिवर्स वेंडिंग मशीन (Reverse Vending Machine) लगाई जाएंगी. ये मशीनें लोगों से इस्तेमाल की हुई प्लास्टिक बोतलें और कैरी बैग वापस लेंगी और बदले में उन्हें कुछ प्रोत्साहन राशि या ग्रीन पॉइंट दिए जाएंगे. इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में प्लास्टिक कचरे को कम करना और नागरिकों के व्यवहार में बदलाव लाना है, ताकि प्लास्टिक को इधर-उधर फेंकने की आदत कम हो. वर्तमान में, पर्यटकों और आगंतुकों द्वारा अंधाधुंध तरीके से प्लास्टिक की बोतलों को फेंकने और कूड़ा-कचरा फैलाने के कारण रोजाना इस्तेमाल होने वाला पीइटी प्लास्टिक कचरा उत्पन्न हो रहा है.
बता दें कि, शुरुआती चरण में जेपी गंगा पथ पर 2 मशीनें, मौर्य लोक कॉम्प्लेक्स, पटना चिड़ियाघर के गेट नंबर एक और बोरिंग रोड चौराहा पर एक मशीन इंस्टॉल होगा. इन मशीनों का रखरखाव मेसर्स बायोक्रक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो तीन साल की वारंटी और उसके बाद वार्षिक रखरखाव की सुविधा भी देगा.
कैसे काम करेगी रिवर्स वेंडिंग मशीन
आरवीएम एक अत्याधुनिक डिवाइस है जो खाली प्लास्टिक की बोतलें स्वीकार करती है. लोग अपनी खाली बोतल मशीन में डालेंगे, अपना मोबाइल नंबर डालेंगे और मशीन रीसाइकिल होने वाली बोतलों की संख्या के आधार पर उन्हें प्रोत्साहन राशि देगी. एक बोतल पर मिलेगा एक हरे अंक मिलेगा व पांच अंक पर एक कूपन दिया जायेगा. यह उनके मोबाइल नंबर से जुड़े अकाउंट में जमा हो जाएगी, जिसे बाद में ऑनलाइन या स्टोर पर भुनाया जा सकता है. मशीन के अंदर एक क्रशर भी लगा है, जो बोतलों को तुरंत छोटा कर देता है. इससे स्टोरेज और ट्रांसपोर्ट का खर्च कम होता है. इस पहल से प्लास्टिक कचरे को सही तरीके से रीसाइकिल करना आसान हो जाएगा.
हर साल मशीन की मदद से 42 टन CO2 की बचत होगी
इस मशीन (Reverse Vending Machine) से पर्यावरण पर कई सकारात्मक प्रभाव पड़ेंगे. इससे हर साल 42 टन तक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन की बचत होगी. वहीं, 700 लीटर तक अतिरिक्त ईंधन जलने से बचेगा और रीसाइकिलिंग में 52 हजार लीटर तक पानी की बचत होगी. यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी, जिसमें जमा किए गए कचरे की ऑनलाइन ट्रैकिंग भी हो सकेगी. इस तकनीक में इंटरनेट ऑफ थिंग्स का इस्तेमाल किया गया है, जो डाटा साझा करने और निगरानी में मदद करता है.
एक घंटे में 120 बोतल होगा रीसाइकिल
इंस्टॉलेशन के लिए पांच मशीनों (Reverse Vending Machine) को मंगा लिया गया है. ये मशीनें 20 इंच की डिजिटल स्क्रीन से लैस होंगी और एक घंटे में 90-120 बोतलें रीसाइकिल कर सकती हैं. ये 2000 मिली तक की प्लास्टिक की बोतलें स्वीकार करेंगी. यह मशीन 400 किलोग्राम वजनी है और पूरी तरह से स्वचालित है. यह मैन्युअल संग्रहण प्रणालियों का एक बेहतर और आधुनिक विकल्प है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By हिमांशु देव
सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




