बिक्रम नगर पंचायत में मानसून से पहले एक्शन, वार्ड 6 में JCB से शुरू हुई मुख्य नाले की उड़ाही

JCB से शुरू हुई मुख्य नाले की उड़ाही
Patna News: पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत प्रशासन ने मानसून के आगमन से पहले जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए युद्धस्तर पर स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है. मुख्य पार्षद मनीता कुमारी की देखरेख में हुए इस कार्य से क्षेत्र के करीब 300 घरों को जलजमाव की गंभीर समस्या से बड़ी राहत मिलेगी.
Patna News: (रवि प्रकाश की रिपोर्ट) मानसून के संभावित आगमन को देखते हुए बिक्रम नगर पंचायत प्रशासन जलजमाव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. इसी कड़ी में बुधवार को नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक बड़ा स्वच्छता अभियान चलाया गया. यहाँ पुरानी रेवा रजवाहा नहर से लेकर सिनेमा हॉल होते हुए खोरठा बिक्रम तिमुहानी तक जाने वाले मुख्य नाले की जेसीबी (JCB) मशीन द्वारा युद्धस्तर पर उड़ाही कराई गई. नगर पंचायत की इस सराहनीय पहल से क्षेत्र के लगभग तीन सौ घरों को जलजमाव की समस्या से सीधा लाभ मिलेगा और स्थानीय लोगों को जलभराव से मुक्ति मिलेगी.
मुख्य पार्षद की देखरेख में चला अभियान
इस विशेष सफाई अभियान का संचालन मुख्य पार्षद (नगर अध्यक्ष) मनीता कुमारी की सीधी देखरेख में किया गया. कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विकास कुमार ने बताया कि यह मुख्य नाला लंबे समय से गाद, मिट्टी, कचरे और प्रतिबंधित पॉलीथिन से पूरी तरह पटा हुआ था. इसके कारण पानी का बहाव पूरी तरह ठप हो चुका था और स्थानीय निवासियों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा था. उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में घरों में पानी न घुसे, इसके लिए इस नाले की समय पर उड़ाही कराना बेहद जरूरी था. उन्होंने मुख्य पार्षद मनीता कुमारी के इस त्वरित फैसले और सक्रियता की जमकर सराहना की.
जलजमाव मुक्त बिक्रम बनाने का संकल्प: नगर अध्यक्ष
वहीं, सफाई कार्य का जायजा लेने पहुंचीं नगर अध्यक्ष मनीता कुमारी ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन हर नागरिक को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कड़े लहजे में स्पष्ट किया:
“बरसात के पूर्व नगर पंचायत के हर छोटे-बड़े नाले और नाली की मुकम्मल उड़ाही कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि मॉनसून के दौरान शहर में कहीं भी जलजमाव या बाढ़ जैसी स्थिति पैदा न हो. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”
नगर प्रभारी समन्वयक गौतम कुमार ने प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि मानसून को लेकर एक विशेष रणनीति के तहत काम किया जा रहा है. हर वार्ड में सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए रोस्टर के अनुसार नालों की गहराई से सफाई कराई जा रही है, ताकि आम जनता को बरसात में किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े.
अभियान के दौरान कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
नाले की उड़ाही के दौरान मौके पर पूर्व वार्ड पार्षद छोटन तिवारी, वार्ड पार्षद संतोष कुमार, वार्ड पार्षद अभिजीत, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि हीरालाल, देवेंद्र पासवान, रवि, डब्बू वर्मा, बीस सूत्री अध्यक्ष अभिषेक रंजन मोंटी, विकास कुमार सहित भारी संख्या में वार्ड के जागरूक निवासी और सफाईकर्मी उपस्थित थे.
Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले का वीडियो देखिए, गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ते दिखे हमलावर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










