बिहार में नए राशन कार्ड के लिए कौन कर सकता है आवेदन और कौन-से दस्तावेज होंगे जरूरी? सरकार ने जारी की नई डेडलाइन

सांकेतिक तस्वीर
Bihar Ration Card: बिहार में यदि आपके पास राशन कार्ड नहीं है या परिवार के किसी सदस्य का नाम छूट गया है, तो चिंता न करें. सरकार ने 5 अगस्त तक आवेदन करने का मौका दिया है. जानें कौन कर सकता है आवेदन और क्या हैं जरूरी दस्तावेज.
Bihar Ration Card: अगर आपके पास राशन कार्ड नहीं है या परिवार के किसी सदस्य का नाम छूट गया है, तो आपके लिए राहत की खबर है. बिहार सरकार ने ऐसे जरूरतमंद लोगों से 5 अगस्त तक आवेदन करने की अपील की है.
इस अभियान का लाभ श्रमिकों, स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों, रेहड़ी-पटरी (वेंडर) चलाने वालों और अन्य पात्र परिवारों को मिलेगा.
ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरह से कर सकते हैं आवेदन
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है. इसके अलावा अनुमंडल, अंचल और प्रखंड कार्यालयों में बनाए गए काउंटरों पर भी फॉर्म जमा किए जा सकते हैं. विभाग के अनुसार, अब तक 6,186 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं.
15 अगस्त से पहले बन जाएगा राशन कार्ड
सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र परिवारों का राशन कार्ड 15 अगस्त से पहले जारी कर दिया जाए. अगर किसी परिवार के सदस्य का नाम पहले छूट गया है, तो उसे भी इस प्रक्रिया के तहत जोड़ा जाएगा.
पटना सिटी में 16 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य
पटना सिटी अनुमंडल में करीब 16 हजार पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सत्यम सहाय ने बताया कि इस काम के लिए पूरी टीम सक्रिय है. वार्ड पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से भी पात्र लोगों को आवेदन कराने में सहयोग करने की अपील की गई है.
विकास मित्र और मार्केटिंग ऑफिसर भी करेंगे मदद
एसडीओ ने बताया कि मार्केटिंग ऑफिसर और विकास मित्रों को भी इस अभियान में लगाया गया है. ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंच सके.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
राशन कार्ड के लिए आवेदन करते समय परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की जरूरत होगी. इसके अलावा आय प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र भी देना होगा.
अगर किसी के पास ये प्रमाण पत्र नहीं हैं, तो उन्हें बनवाने की अस्थायी व्यवस्था अनुमंडल और पटना सिटी अंचल कार्यालय में की गई है. इससे आवेदन करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
किन लोगों को नहीं मिलेगा नया राशन कार्ड?
एसडीओ सत्यम सहाय ने बताया कि कुछ श्रेणी के लोग नए राशन कार्ड के लिए पात्र नहीं हैं. इनमें शामिल हैं-
- सरकारी नौकरी करने वाले लोग
- इनकम टैक्स या प्रोफेशनल टैक्स देने वाले
- तीन कमरों का पक्का मकान रखने वाले
- चार पहिया वाहन के मालिक
- जिनकी सालाना आय 2.40 लाख रुपये से अधिक है
गलत तरीके से लाभ लेने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया है कि जो सक्षम लोग पहले से राशन कार्ड का लाभ ले रहे हैं, उनकी जांच की जाएगी. अगर जांच में अनियमितता मिली, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










