पटना से भोपाल के लिए अब डायरेक्ट फ्लाइट, दिल्ली-मुंबई में विमान बदलने का झंझट खत्म, जानें किराया और शेड्यूल
एलायंस एयर की फ्लाइट
Patna To Bhopal Flight: पटना और भोपाल के बीच अब सीधी विमान सेवा शुरू हो गई है. इससे यात्रियों को दिल्ली या मुंबई में विमान बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सप्ताह में तीन दिन चलने वाली इस फ्लाइट का शुरुआती किराया करीब 4,600 रुपये है.
Patna To Bhopal Flight: बिहार के हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. पटना और भोपाल के बीच अब सीधी विमान सेवा शुरू हो गई है. सोमवार से इस नई फ्लाइट का संचालन शुरू किया गया है. इससे यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या किसी दूसरे शहर में विमान बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
सीधी उड़ान शुरू होने से पटना और भोपाल के बीच सफर आसान होगा. यात्रा का समय भी कम होगा. नौकरी, पढ़ाई, कारोबार और इलाज के लिए मध्य प्रदेश जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा.
एलायंस एयर करेगी फ्लाइट का संचालन
पटना एयरपोर्ट के निदेशक सीपी द्विवेदी के अनुसार, पटना-भोपाल रूट पर इस नई सेवा का संचालन एलायंस एयर कर रही है. यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन चलेगी. पटना से भोपाल के लिए सोमवार, बुधवार और रविवार को उड़ान उपलब्ध होगी. वहीं भोपाल से पटना के लिए भी सीधी सेवा मिलेगी.
कोलकाता-पटना-भोपाल रूट पर चलेगी फ्लाइट
यह विमान कोलकाता-पटना-भोपाल रूट पर संचालित होगा. विमान दोपहर करीब 1:15 बजे कोलकाता से पटना पहुंचेगा. इसके बाद करीब 25 मिनट के ठहराव के बाद 1:40 बजे पटना से भोपाल के लिए उड़ान भरेगा.
विमान भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेगा. वापसी में विमान शाम करीब 7 बजे भोपाल से पटना के लिए रवाना होगा. इसके बाद पटना से कोलकाता के लिए उड़ान भरी जाएगी.
करीब ढाई घंटे में पूरा होगा सफर
पटना से भोपाल के बीच सीधी हवाई यात्रा करीब ढाई घंटे में पूरी होगी. यानी यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट के कारण कई घंटे अतिरिक्त खर्च नहीं करने पड़ेंगे. इस रूट पर एटीआर विमान का संचालन किया जा रहा है. विमान में करीब 70 से 72 यात्रियों के बैठने की क्षमता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
शुरुआती किराया करीब 4,600 रुपये
पटना से भोपाल की सीधी उड़ान का शुरुआती किराया करीब 4,600 रुपये रखा गया है. हालांकि किराया फिक्स नहीं रहेगा. बुकिंग की तारीख, सीटों की उपलब्धता और यात्रियों की मांग के हिसाब से टिकट की कीमत बदल सकती है.
दिल्ली-मुंबई में विमान बदलने की परेशानी खत्म
पटना और भोपाल के बीच सीधी फ्लाइट शुरू होने से सबसे बड़ा फायदा कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को होगा. अभी कई यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या दूसरे एयरपोर्ट से विमान बदलना पड़ता था.
इसमें समय के साथ अतिरिक्त खर्च भी होता था. अब सीधी उड़ान मिलने से यह परेशानी खत्म होगी. मध्य प्रदेश से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए भी पटना पहुंचना आसान होगा. नई सेवा से दोनों राज्यों के बीच हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










