ePaper

बिहार की सियासत में जूनियर नीतीश की आहट, डिप्टी सीएम पद के साथ हो सकती है एंट्री

Updated at : 05 Mar 2026 9:17 PM (IST)
विज्ञापन
Nitish-Kumar-Nishant-Kumar-1

नीतीश कुमार और निशांत कुमार

Nitish Kumar: बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नई चर्चा शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री को लेकर कयास तेज हो गए हैं. जदयू नेताओं का कहना है कि जल्द ही वे सक्रिय राजनीति में आ सकते हैं.

विज्ञापन

Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार में नयी सरकार के गठन की चर्चाओं के बीच नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक इंट्री को लेकर कयासों का दौर शुरू हो चुका है. ताजा जानकारी के अनुसार निशांत कुमार की राजनीतिक इंट्री उपमुख्यमंत्री के पद के साथ हो सकती है. जदयू में उनके प्रवेश को लेकर पार्टी नेताओं के सुर बदले हुए हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि जदयू तो निशांत कुमार की ही पार्टी है. ऐसे में उनको पार्टी में प्रवेश क्या लेना है? वे पार्टी के हैं और पार्टी उनकी है.

औपचारिक ऐलान बाकी

फिलहाल नयी राजनीतिक परिस्थिति में यह तय माना जा रहा है कि जदयू को संभालने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में आयेंगे. अब इसकी महज औपचारिक घोषणा बाकी है. इसकी पुष्टि पिछले दिनों मंत्री श्रवण कुमार और मंत्री अशोक चौधरी के सार्वजनिक बयानों से भी हो चुकी है. मंत्री श्रवण कुमार ने कहा था कि निशांत कुमार के राजनीति में आने की तैयारी हो चुकी है. उन्होंने तो यह भी कहा था कि यह खुशखबरी होली के मौके पर मिल सकती है.

निशांत कुमार करते रहे खंडन

कुछ समय पहले तक निशांत कुमार राजनीति में आने की खबरों का खंडन करते रहे थे. इस संबंध में उनसे जब कई अवसरों पर पत्रकारों ने पूछा तो उनका कहना था कि उन्होंने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है. हालांकि, वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के कुछ दिन पहले से उनके सुर बदलने लगे थे. उन्होंने कई अवसरों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार के कामकाज की तारीफ की थी. ऐसी हालत में उनको पहले विधानसभा चुनाव लड़वाने की बात सामने आती रही, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की लगातार रही मांग

निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने की लगातार मांग जदयू के नेता और कार्यकर्ता करते रहे हैं. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी कई अवसरों पर कहा है कि निशांत कुमार पढ़े-लिखे हैं, इंजीनियर हैं, ऐसे में यदि वे सक्रिय राजनीति में आते हैं तो बहुत अच्छा रहेगा. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी कई अवसरों पर कहा था कि राजनीति में आने का निर्णय पूरी तरह से निशांत कुमार को लेना है.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार, नितिन नवीन समेत इन नेताओं ने दाखिल किया राज्यसभा के लिए नामांकन, अमित शाह रहे मौजूद

नीतीश के बाद कौन? क्या पहली बार बीजेपी के पास होगी बिहार की कमान, इन नामों पर टिकी नजरें

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन