मसौढ़ी में चोरों का आतंक, दो घरों में सेंधमारी से 10 लाख के जेवर और 60 हजार नकद चोरी

Updated:
विज्ञापन

मसौढ़ी थाना

मसौढ़ी थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों ने लोगों को दहला दिया है। मणिचक और सगुनी गांवों में दो घरों को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 10 लाख रुपये के आभूषण और 60 हजार रुपये से अधिक नकद चुरा लिए। पीड़ितों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

विज्ञापन

Patna News : मसौढ़ी थाना क्षेत्र में घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. नगर के मणिचक मोहल्ले और सगुनी गांव में अज्ञात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के आभूषण और 60 हजार रुपये से अधिक नकद चुरा लिए. दोनों मामलों में पीड़ितों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है.

मणिचक में ताला तोड़कर गहने और 35 हजार नकद उड़ाए

मणिचक मोहल्ला निवासी रवींद्र कुमार की पत्नी रीता कुमारी ने बताया कि वह बीती रात अपनी नानी के घर सोने गई थीं. इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए. चोरों ने गोदरेज और अलमारी का ताला तोड़कर मंगलसूत्र, झुमका, चेन, कान की बाली समेत सोने के आभूषण, मोबाइल और करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. सुबह घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई. पीड़िता ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

सगुनी में पांच तोला सोना और 25 हजार नकद की चोरी

दूसरी घटना सगुनी गांव की है. यहां विनोद शर्मा के घर में घुसे चोरों ने लोहे के बक्से का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये नकद तथा लगभग पांच तोला सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी.

लगातार चोरी से लोगों में दहशत

मसौढ़ी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है. इससे पहले तारेगना डीह में मनोज कुमार के घर से भी चोरों ने 25 हजार रुपये नकद समेत हजारों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए थे. लगातार घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है.


विज्ञापन
Ajay Kumar Masaurhi

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar Masaurhi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन