फर्जी शेयर ट्रेडिंग, लिंक भेजकर पेमेंट और खाते से निकासी के जरिए बनाया शिकार,चार लोगों से 12.82 लाख रुपये ठगे

Updated:
विज्ञापन

साइबर ठग की फाइल फोटो

पटना में साइबर ठगी की नई वारदातें सामने आई हैं, जहां 4 लोगों को निशाना बनाकर कुल 12.82 लाख रुपये ठगे गए हैं. ठगों ने फर्जी शेयर ट्रेडिंग, लिंक भेजकर पेमेंट और सीधे खाते से निकासी जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया.

विज्ञापन

Cyber ​​Fraud : पटना में साइबर बदमाशों ने अलग-अलग तरीकों से पटना के चार लोगों को अपना शिकार बनाते हुए उनके खातों से कुल 12.82 लाख रुपये की ठगी कर ली. किसी के खाते से सीधे रुपये निकाले गए, तो किसी को फर्जी शेयर ट्रेडिंग और पेमेंट लिंक के जरिए ठगी का शिकार बनाया गया. पीड़ितों ने साइबर थाने में अलग-अलग मामले दर्ज कराए हैं.

रविंद्र के खाते से छह बार में 5.18 लाख निकाले

दानापुर के गोला रोड निवासी रविंद्र शर्मा के खाते से साइबर बदमाशों ने छह बार में 5.18 लाख रुपये की निकासी कर ली. रविंद्र के खाते से अचानक रुपये कटने लगे और लगातार निकासी के मैसेज आने लगे. उनका कहना है कि उन्होंने बैंक खाते से संबंधित कोई जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी. इसके बावजूद खाते से रकम निकल गई.

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कंपनी से 4.49 लाख की ठगी

पटना स्थित इलेक्ट्रिक सामान का कारोबार करने वाली एक कंपनी को बदमाशों ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का शिकार बनाया. बदमाशों ने खुद को मोतीलाल ओसवाल शेयर ट्रेडिंग कंपनी का सहयोगी बताया और निवेश के नाम पर कंपनी से 4.49 लाख रुपये ठग लिए. इसके बाद रकम वापस मांगने पर व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी दी जाने लगी. शिकायत के अनुसार, एक कथित आईपीएस अधिकारी ने भी व्हाट्सएप पर कंपनी को धमकाते हुए कहा कि कंपनी के खाते से लॉरेंस विश्नोई से संबंधित रकम का ट्रांजेक्शन हुआ है. इस मामले में कंपनी के अजय कुमार ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

इधर... पांच रुपये भेजने के बहाने खाते से 1.35 लाख उड़ाए

दानापुर कैंट निवासी चैतन्य मानस के मोबाइल पर साइबर बदमाशों ने एक लिंक भेजकर पांच रुपये भेजने को कहा. उन्होंने लिंक के माध्यम से भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन पेमेंट नहीं हुआ. इसके बाद बदमाशों ने क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने को कहा. उनके बताए तरीके से प्रक्रिया पूरी करने के बाद बदमाशों ने खाते से 1.35 लाख रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली.

खगौल निवासी के खाते से 1.80 लाख की निकासी

इसी तरह खगौल निवासी रवि कुमार के खाते से भी साइबर बदमाशों ने 1.80 लाख रुपये की निकासी कर ली. इस मामले में भी पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस चारों मामलों की जांच कर रही है और ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खातों तथा अन्य डिजिटल माध्यमों की जानकारी जुटाई जा रही है.


विज्ञापन
Nitish Kumar

लेखक के बारे में

By Nitish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन