बीबॉस की 10वीं की परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन आज से
Published by : ANURAG PRADHAN Updated At : 01 Jan 2026 8:22 PM
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार मूल्यांकन केंद्रों पर 200 से 300 परीक्षकों और कर्मियों की तैनाती रहेगी.
संवाददाता, पटना बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबॉस) की प्रथम माध्यमिक (10वीं) जून 2025 तथा द्वितीय माध्यमिक (10वीं) दिसंबर 2025 सैद्धांतिक परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन दो जनवरी से चार जनवरी तक किया जायेगा. इसके लिए पटना जिले में दो मूल्यांकन केंद्र बनाये गये हैं. मूल्यांकन एक ही पाली में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा, जबकि परीक्षकों को सुबह आठ बजे तक केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा. जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार मूल्यांकन केंद्रों पर 200 से 300 परीक्षकों और कर्मियों की तैनाती रहेगी. साथ ही कदाचारमुक्त मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी व केंद्र के 200 गज क्षेत्र में आम प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इस अवधि के लिए धारा-144 लागू करने का निर्देश भी दिया गया है. मूल्यांकन कक्ष, वज्रगृह और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे, जिनकी मॉनीटरिंग नियंत्रण कक्ष से की जायेगी. अनधिकृत प्रवेश पर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है. सिर्फ मूल्यांकन केंद्र निदेशक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को ही आधिकारिक कार्य के लिए मोबाइल उपयोग की अनुमति होगी. विशेष रूप से इस बार प्राप्तांकों की प्रविष्टि पूरी तरह ऑनलाइन की जायेगी. प्रत्येक केंद्र पर 14 कंप्यूटर, प्रिंटर-स्कैनर और 24 कंप्यूटर जानकार कर्मियों की तैनाती होगी. कंप्यूटर उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बाजार से किराये पर लेने की व्यवस्था की गयी है. इंटरनेट के लिए दो अलग-अलग सर्विस प्रोवाइडर से कनेक्शन और अतिरिक्त डोंगल की व्यवस्था अनिवार्य की गयी है. बिहार बोर्ड ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मूल्यांकन कार्य अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए इसे पूर्ण पारदर्शिता और गंभीरता से कराये जाने का निर्देश दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










