पटना में BDO और पीरो के MO भाई के घर से 50 लाख की भीषण चोरी, मां के श्राद्ध में गांव गया था परिवार

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 28 May 2026 7:46 PM

विज्ञापन

चोरी के बाद घर के हालात

Patna News: पटना के बेऊर थाना क्षेत्र की आनंद विहार कॉलोनी में चोरों ने दो सहोदर अधिकारी भाइयों, पीरो के मार्केटिंग ऑफिसर समदर्शी पासवान और समस्तीपुर के बीडीओ रवि भूषण पासवान के सूने घर से 50 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के समय परिवार मां के श्राद्ध में पालीगंज स्थित गांव गया हुआ था. चोरों ने कटर मशीन से ताला और ग्रिल काटकर बेटी की शादी के लिए रखे गए गहनों समेत कुल 40 लाख के जेवरात और 2 लाख नकद उड़ा लिए. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

विज्ञापन

Patna News (अजीत): राजधानी पटना के बेऊर थाना क्षेत्र से इस वक्त चोरी की एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी वारदात सामने आ रही है. यहां अखाड़ा पर स्थित आनंद विहार कॉलोनी में शातिर चोरों ने एक ही मकान में रहने वाले दो सगे अधिकारी भाइयों के बंद घर को अपना निशाना बनाया. चोरों ने सूने मकान का ताला काटकर करीब 50 लाख रुपये से अधिक के बहुमूल्य आभूषण, नकदी और कीमती सामानों पर साफ हाथ कर दिया. घटना के वक्त पूरा परिवार अपनी स्वर्गीय माता के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गया हुआ था. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल है.

विभिन्न पदों पर तैनात हैं दोनों भाई, बेटी की शादी के लिए बनवाए गहने भी गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार में समदर्शी पासवान भोजपुर जिले के पीरो में मार्केटिंग ऑफिसर (विपणन पदाधिकारी) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके छोटे भाई रवि भूषण पासवान समस्तीपुर में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के पद पर तैनात हैं. दोनों अधिकारी भाई बेऊर के आनंद विहार कॉलोनी स्थित एक ही बड़े मकान में अपने-अपने परिवार के साथ संयुक्त रूप से रहते थे.

परिजनों ने रोते हुए बताया कि चोरों ने इस वारदात में उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है. दरअसल, समदर्शी पासवान अपनी बेटी की आगामी शादी की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए थे. इसी शादी के मद्देनजर उन्होंने लाखों रुपये के कीमती नए सोने-चांदी के गहने बनवाए थे, जिन्हें चोर अपने साथ समेट ले गए. इसके अलावा उनकी स्वर्गीय माता, पत्नी, भाई की पत्नी तथा परिवार के अन्य सदस्यों के पुस्तैनी व पुराने जेवरात भी चोरी हो गए हैं. चोरी गए आभूषणों में सोने की भारी चेन, कीमती हार, मंगलसूत्र, जितिया, चांदी की पायल और अंगूठी समेत कई बहुमूल्य सामान शामिल हैं. परिजनों का कहना है कि उनकी मां का करीब 22 भर का पुराना सोने का गहना भी तिजोरी में रखा था, जिसे चोरों ने नहीं छोड़ा.

माता के निधन पर गए थे पैतृक गांव, पटना लौटे लड़के ने देखा नजारा

बताया जाता है कि दोनों भाइयों की माता का हाल ही में निधन हो गया था. इसी श्राद्ध कर्म के सिलसिले में पूरा परिवार बीती 26 मई की शाम को ही पालीगंज के महाबलीपुर के समीप स्थित अपने पैतृक गांव अकोढ़ी गया हुआ था. पूरा मकान पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने रेकी की और वारदात को अंजाम दिया. 28 मई की सुबह जब परिवार का एक लड़का किसी जरूरी काम से पटना आया और आनंद विहार कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए. घर के मुख्य लोहे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. जब वह घबराकर अंदर दाखिल हुआ, तो देखा कि सभी कमरों की अलमारियां, वॉशबेसिन के पास के लॉकर टूटे हुए थे और सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था.

ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसे थे शातिर, पुलिस गश्ती पर भड़के कॉलोनीवासी

चोरी के तरीके से साफ है कि चोर पूरी तैयारी और आधुनिक कटर मशीन के साथ आए थे. चोर सबसे पहले घर के पीछे की चारदीवारी के पास लगे मजबूत लोहे के ग्रिल को कटर से काटकर अंदर दाखिल हुए. इसके बाद कमरों में लगी गोदरेज और सेफ के तालों को कटर मशीन से काटकर भारी नकदी (करीब दो लाख रुपये) और 40 लाख से अधिक के आभूषणों को गायब कर दिया.

पीड़ित परिवार के सदस्य इंद्रजीत कुमार ने बताया कि घटना की भयावहता को देखते हुए तुरंत ‘डायल 112’ पुलिस टीम को सूचित कर मौके पर बुलाया गया. इसके साथ ही साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाने के लिए थाने में लिखित आवेदन दिया गया है. इधर, इस वारदात के बाद आनंद विहार कॉलोनी के स्थानीय निवासियों ने बेऊर पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. लोगों का आरोप है कि पुलिस की जिप्सी केवल मुख्य सड़क से होकर कोरम पूरा करके निकल जाती है, कॉलोनियों के अंदरूनी रास्तों पर नियमित गश्त न होने के कारण ही अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.

थाना प्रभारी का बयान: मामले के संबंध में बेऊर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की मौखिक सूचना मिली है और पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच की है. हालांकि, पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक कोई औपचारिक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलते ही चोरी गई संपत्ति की सटीक सूची तैयार कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल कर चोर गिरोह की पहचान करने में जुटी है.

Also Read: ‘शाम में घर आइए, एक-एक चीज बताइए…’ गाड़ी रुकवाकर विजय चौधरी से बोले नीतीश, JDU ऑफिस पहुंचे तो गायब मिले मंत्री

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन