डिब्रूगढ़-राजेंद्रनगर एक्सप्रेस में शराब तस्करों का हमला, सुपरवाइजर से मारपीट कर 7 हजार रुपये लूटे
बख्तियारपुर स्टेशन
डिब्रूगढ़-राजेंद्रनगर एक्सप्रेस में शराब तस्करी का विरोध करने पर तस्करों ने ट्रेन सुपरवाइजर पर हमला कर दिया. उनसे सात हजार रुपये भी लूट लिए गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Patna News : डिब्रूगढ़-राजेंद्रनगर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13281) में अवैध शराब तस्करी का विरोध करने पर शराब तस्करों ने ट्रेन सुपरवाइजर के साथ मारपीट कर उनसे सात हजार रुपये लूट लिए. घटना गुलजारबाग और राजेंद्रनगर स्टेशन के बीच हुई, जहां बदमाशों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और वारदात को अंजाम दिया. मामले में राजेंद्रनगर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
बख्तियारपुर से ट्रेन में सवार हुए तस्कर
पीड़ित विजय कुमार, जो बाढ़ के पोथमा निवासी हैं और ट्रेन में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि चार अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे बख्तियारपुर स्टेशन पर पांच-छह अज्ञात युवक ट्रेन की एस-2 बोगी में सवार हुए. आरोप है कि वे शौचालय की छत का नट खोलकर वहां छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब निकालने लगे. विरोध करने पर उन्होंने सुपरवाइजर और अन्य रेलकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
चेन पुलिंग कर छुड़ाया साथी
मारपीट के दौरान रेलकर्मियों ने एक तस्कर को पकड़ लिया. इसी बीच ट्रेन के गुलजारबाग और राजेंद्रनगर स्टेशन के बीच पहुंचने पर बदमाशों ने अलार्म चेन खींचकर ट्रेन रोक दी. इसके बाद अन्य तस्करों ने अपने साथी को छुड़ा लिया और सुपरवाइजर विजय कुमार को ट्रेन से नीचे खींचकर उनके साथ मारपीट की. आरोप है कि इस दौरान उनकी जेब में रखे सात हजार रुपये भी छीन लिए गए.
शराब से भरा बैग छोड़कर फरार हुए तस्कर
चेन पुलिंग की सूचना मिलते ही रेल सुरक्षा बल के जवान एस-2 कोच की ओर पहुंचे. सुरक्षाकर्मियों को आता देख तस्कर शराब की खेप लेकर फरार हो गए, हालांकि शराब से भरा एक बैग मौके पर ही छोड़ गए. पुलिस ने बैग को जब्त कर लिया है. विजय कुमार के बयान और रेल थाना में तैनात पुलिसकर्मी हरिवंश सिंह के आवेदन पर मामला दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब की खेप ट्रेन के शौचालय की छत में पहले से छिपाकर रखी गई थी. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से ट्रेन में रखी गई और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है. अधिकारियों का मानना है कि तस्करों का नेटवर्क लंबी दूरी तक फैला हो सकता है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में IMD ने जारी किया डबल अलर्ट, 6 से 8 से अगस्त तक जारी रहेगा आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










