ePaper

Bihar Politics: पप्पू सिंह बने जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष, प्रशांत किशोर ने किया ऐलान

Updated at : 19 May 2025 6:00 PM (IST)
विज्ञापन
Pappu Singh elected as Jan Suraj Party president

Pappu Singh elected as Jan Suraj Party president

Bihar Politics:  जन सुराज पार्टी ने पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह को पार्टी का पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना है. सोमवार (19 मई) को प्रशांत किशोर ने कोर कमिटी के फैसले का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि पप्पू ने ही जन सुराज पार्टी नाम से दल रजिस्टर करवाया था.

विज्ञापन

Bihar Politics:  प्रशांत किशोर (पीके) की पार्टी जनसुराज को राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है. उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं. सोमवार (19 मई) को संवाददाता सम्मेलन में प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि उदय सिंह को कोर कमेटी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना है.

पूर्णिया सीट से दो बार के बीजेपी के सांसद हैं उदय सिंह

पप्पू सिंह पूर्णिया लोकसभा सीट से दो बार बीजेपी के सांसद रहे हैं. साल 2019 में जब जेडीयू और भाजपा का दोबारा गठबंधन हुआ और पूर्णिया सीट जेडीयू को चली गई तो पप्पू सिंह कांग्रेस से लोकसभा चुनाव लड़े थे. इस चुनाव में उन्हें हार हाथ लगी थी. प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पार्टी की 150 सदस्यों की कोर कमिटी ने बहुमत नहीं बल्कि सर्वसम्मति से तय किया है कि उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह पार्टी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे.

कुछ दिनों से सुराज पार्टी के साथ हैं पप्पू सिंह

बता दें कि कांग्रेस से अलग हो चुके पप्पू सिंह कुछ समय से खुलकर जन सुराज पार्टी के साथ हैं. प्रशांत किशोर पटना में जिस बंगले में रहते हैं, वो घर शेखपुरा हाउस पप्पू सिंह का ही है. पप्पू सिंह भी इसी बंगले के एक हिस्सा में रहते हैं और दूसरा हिस्सा जन सुराज पार्टी के दफ्तर के तौर पर प्रशांत किशोर इस्तेमाल करते हैं. पप्पू सिंह जन सुराज पदयात्रा के समय ही प्रशांत किशोर के संपर्क में आए थे. तब से वह प्रशांत किशोर की जन सुराज को मदद कर रहे हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

ब्यूरोक्रेट परिवार से आते हैं पप्पू सिंह

बता दें कि पप्पू सिंह एक मजबूत राजनीतिक और ब्यूरोक्रेट परिवार से आते हैं. पप्पू सिंह के पिता टीपी सिंह आईसीएस अफसर थे. आजादी से पहले आईएएस को आईसीएस कहते थे. पप्पू की मां माधुरी सिंह भी पूर्णिया से दो बार सांसद रह चुकी थीं. उनके भाई एनके सिंह जेडीयू के राज्यसभा सांसद रहे और अब वह भाजपा के साथ हैं. उनकी एक बहन श्यामा सिंह और बहनोई निखिल कुमार औरंगाबाद से कांग्रेस के सांसद रहे हैं. निखिल कुमार पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा के बेटे हैं.

इसे भी पढ़ें: Bihar Cricket Association: बीसीए ने बिहार से तलाशे 20 सितारे, भारतीय टीम में जल्द दिखेगा इन गेंदबाजों का जलवा

विज्ञापन
Rani Thakur

लेखक के बारे में

By Rani Thakur

बंगाल की धरती पर एक दशक से अधिक समय तक समृद्ध पत्रकारिता अनुभव के साथ, रानी ठाकुर अब बिहार की धरती पर अपनी लेखनी से पहचान बना रही हैं. कोलकाता में कई राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित अखबारों के लिए रिपोर्टिंग और सब-एडिटिंग का अनुभव हासिल करने के बाद, वे अब प्रभात खबर के डिजिटल डेस्क से जुड़ी हैं, जहां वे लाइफ स्टाइल की खबरों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच और पत्रकारिता कौशल को नई दिशा दे रही हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन