‘हमें आपके नेतृत्व की आदत हो गई है’, नीतीश कुमार को लेकर विजय चौधरी हुए भावुक

Updated:
विज्ञापन
vijay chaudhary on nitish

मंत्री विजय चौधरी की फाइल फोटो

Bihar Politics: सुपौल में समृद्धि यात्रा के दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा भी चले जाएं, तब भी बिहार और यहां की सरकार को उनसे हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहना चाहिए.

विज्ञापन

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण में सुपौल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने जिले के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. कार्यक्रम में मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि हमें आपके नेतृत्व में काम करने की आदत पड़ गई है. बिहारवासियों को कभी अपने से दूर मत समझिएगा.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे. विकास योजनाओं की इस बड़ी घोषणा को लेकर इलाके में उत्साह का माहौल देखा गया.

213 योजनाओं की मिली सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 213 योजनाओं की सौगात दी. इनमें 84 योजनाओं का शिलान्यास और 129 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है. इनमें सड़क, भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से सुपौल जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम लोगों को सीधे लाभ पहुंचेगा.

‘दिल्ली जाएं, लेकिन बिहार को मत भूलिए’- विजय चौधरी

कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में नीतीश कुमार की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही है. उन्होंने आगे कहा कि मैं चाहता हूं कि भले ही आप राज्यसभा चले जाइए, लेकिन बिहार और बिहारवासियों को कभी अपने से दूर मत समझिएगा. आपको बिहार की सरकार से हमेशा मतलब रखना पड़ेगा. हमें आपके नेतृत्व में काम करने की आदत पड़ गई है.

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने वादा किया है कि अगर वे दिल्ली भी जाते हैं तो वहां से भी बिहार पर पूरी नजर रखेंगे.

‘इतिहास में लिखा जाएगा नीतीश कुमार का काम’

मंत्री बीजेंद्र प्रसाद यादव ने भी मुख्यमंत्री के काम की सराहना की. उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में नीतीश कुमार का योगदान ऐतिहासिक है. उन्होंने कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि वे क्यों जा रहे हैं. मैंने कहा कि यह उनका खुद का फैसला है. लेकिन इतना तय है कि उनके काम को इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा.

योजनाओं के बोर्ड गिनने लगे मुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला. जब योजनाओं का शिलान्यास हो रहा था, तब मुख्यमंत्री खुद मंच पर लगे योजनाओं के बोर्ड गिनने लगे. उन्हें ऐसा करते देख वहां मौजूद अधिकारी भी बोर्ड गिनने लगे. यह दृश्य देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और चर्चा शुरू हो गई.

विकास को लेकर सरकार का फोकस

सरकार का कहना है कि समृद्धि यात्रा का उद्देश्य जिलों में जाकर विकास योजनाओं की समीक्षा करना और नई परियोजनाओं की शुरुआत करना है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं. उनका कहना है कि राज्य के हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है.

Also Read: चिराग के सांसद हर साल कराएंगे 52 बेटियों की शादी, बोले- मेरे क्षेत्र की हर बेटी मेरी बहन

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन