सुपौल में हर घंटे लगता है जाम, आखिर जदिया बाजार को कब मिलेगी राहत, लोग बोले- अब चाहिए स्थायी समाधान

Updated:
विज्ञापन

जाम | Prabhat Khabar Network

Supaul News: सुपौल जिले का जदिया बाजार अपनी रौनक से ज्यादा जाम के लिए चर्चित है. हर घंटे लगने वाले जाम से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान कब निकलेगा, यह बड़ा सवाल है.

विज्ञापन

Supaul News: सुपौल जिले का जदिया बाजार इन दिनों अपनी रौनक से ज्यादा भीषण जाम के लिए चर्चा में है. हालत यह है कि बाजार में लगभग हर घंटे यातायात ठप हो जाता है. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. रविवार को भी मुख्य बाजार घंटों जाम की गिरफ्त में रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी इस समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

हर घंटे थम जाती है बाजार की रफ्तार

जदिया बाजार के हनुमान मंदिर से पूर्व स्थित पेट्रोल पंप, पश्चिम में मिलन चौक और उत्तर में मछली बाजार तक दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है. बस, ऑटो, टोटो, ट्रैक्टर-ट्रॉली और निजी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं. कई चालक बीच सड़क पर ही सवारी चढ़ाने-उतारने लगते हैं, जिससे थोड़ी ही देर में पूरा बाजार जाम की चपेट में आ जाता है.

रविवार को भी बाजार में कई घंटे तक वाहन रेंगते रहे. ग्रामीण, महिलाएं, छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग बनी बड़ी वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार जाम की सबसे बड़ी वजह सड़क किनारे बढ़ता अतिक्रमण और अवैध पार्किंग है. फुटपाथों पर ठेला और अस्थायी दुकानों का कब्जा है. कई स्थानों पर नाले की स्लैब तक पर दुकानें सजा दी गई हैं. ऐसे में सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है.

दूसरी ओर बाजार आने वाले लोग अपनी बाइक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ी कर देते हैं. ऑटो और टोटो भी सड़क पर ही खड़े रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है.

Supaul News: मरीज और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल की छुट्टी, बैंक के समय और साप्ताहिक बाजार के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. कई बार मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है. इससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं.

दुकानदारों का भी कहना है कि लगातार जाम के कारण ग्राहक बाजार आने से बचने लगे हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है.

कार्रवाई होती है, लेकिन नहीं बदलती तस्वीर

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाता है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति बन जाती है. नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई के अभाव में समस्या जस की तस बनी हुई है.

लोगों ने प्रशासन से की ये मांग

स्थानीय निवासी मृत्यंजय यादव, गुड्डू सिंह, रामविलास यादव, बीरेंद्र यादव, मोहन मेहता, कपिल देव साह, अमित कुमार और बिजेंद्र पौद्दार सहित कई लोगों ने प्रशासन से जदिया बाजार के लिए स्थायी ट्रैफिक प्लान लागू करने की मांग की है. लोगों ने ऑटो-टोटो और ट्रैक्टर-ट्रॉली के लिए अलग स्टैंड बनाने, सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, नियमित अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने तथा व्यस्त समय में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधि, दुकानदार और आम नागरिक मिलकर ठोस पहल नहीं करेंगे, तब तक जदिया बाजार की पहचान जाम वाले बाजार के रूप में ही बनी रहेगी.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन